Tuesday, July 21

बच्‍चों को सर्दी-खांसी में जल्द मिलेगी राहत, अपनाएं ये 5 घरेलू नुस्‍खे

नई दिल्ली: सर्दियों में छोटे बच्चों को अक्सर सर्दी, खांसी और जुकाम हो जाता है। कई बार यह इतनी बढ़ जाती है कि बच्‍चा रात भर ठीक से सो नहीं पाता और माता-पिता भी परेशान हो जाते हैं। बच्चों के लिए चाइल्ड स्पेशलिस्ट डॉ. संदीप गुप्ता ने कुछ आसान और असरदार घरेलू नुस्खे बताए हैं, जिन्हें अपनाकर बच्चों को जल्दी राहत दी जा सकती है।

1. स्टीम इनहेलेशन:
जब बच्चे की नाक कफ के कारण बंद हो, तो उन्हें हल्की भाप दिलाएं। इसके लिए आप बाथरूम में हॉट शॉवर चला सकते हैं या वेपर मशीन का इस्तेमाल करें। बच्चे को गोद में लेकर दूर से भाप दें ताकि वह आराम से सांस ले सके।

2. हल्दी वाला दूध:
हल्दी में मौजूद कर्क्यूमिन गले की खराश और कफ को कम करता है। एक कप दूध उबालें, उसमें 1 छोटा चम्मच हल्दी डालें और 5–7 मिनट उबालें। जब दूध हल्का ठंडा हो जाए, तो 1 चम्मच शहद मिलाकर बच्चे को दें।

3. गुनगुना पानी या सूप:
6 महीने से बड़े बच्चों को हल्का गुनगुना पानी या सब्जियों का हल्का सूप दें। यह गले की खराश कम करता है और कफ में राहत देता है।

4. सिर ऊंचा करके सुलाएं:
जब बच्चे को सर्दी-खांसी हो, सोते समय उसके सिर को थोड़ा ऊंचा रखें। इससे बलगम गले में फंसने की बजाय आसानी से नीचे चला जाता है और बच्चा आराम से सो पाता है।

5. शहद का इस्तेमाल:
1 साल से बड़े बच्चों को सोने से पहले 1 चम्मच शहद दें। शहद गले को आराम देता है और रात में खांसी कम होती है।

डॉ. गुप्ता के मुताबिक, बच्चों में सर्दी-खांसी के प्रमुख कारण वायरल इंफेक्शन हैं। इसके लक्षणों में नाक बहना या बंद होना, हल्का बुखार, गले में खराश, सिरदर्द और शरीर में दर्द शामिल हैं। माता-पिता को चाहिए कि वे बच्चे का तापमान नियमित रूप से मॉनिटर करें और आवश्यकता पड़ने पर डॉक्टर की सलाह से दवा दें।

इन आसान घरेलू नुस्खों को अपनाकर बच्चे को सर्दी-खांसी और जुकाम से जल्दी राहत दी जा सकती है।

This slideshow requires JavaScript.

Leave a Reply

This slideshow requires JavaScript.