Tuesday, July 21

अशोक गहलोत अंता उपचुनाव में कांग्रेस का प्रचार संभालेंगे, प्रमोद जैन भाया के समर्थन में रोड शो और सभा

बारां/अंता: बिहार विधानसभा चुनाव के पहले चरण के मतदान के बाद अब राजस्थान के अंता विधानसभा उपचुनाव में कांग्रेस ने बड़ा प्रचार अभियान शुरू कर दिया है। वरिष्ठ नेता और पूर्व मुख्यमंत्री अशोक गहलोत अंता में कांग्रेस प्रत्याशी प्रमोद जैन भाया के समर्थन में रोड शो और सभा करेंगे।

कांग्रेस हाईकमान ने गहलोत को बिहार विधानसभा चुनाव का मुख्य पर्यवेक्षक नियुक्त किया है। गहलोत 8 नवंबर को अंता पहुंचेंगे और अगले दिन 9 नवंबर को कांग्रेस प्रत्याशी भाया के लिए क्षेत्रवासियों से समर्थन मांगेंगे।

प्रदेश अध्यक्ष गोविंद सिंह डोटासरा ने दावा किया कि अंता का चुनाव कांग्रेस जीत रही है। डोटासरा ने कहा कि अंता की जनता अब भाजपा की सच्चाई जान चुकी है और 2 साल पहले के भ्रम से उबर चुकी है। वहीं, तीन बार के विधायक और गहलोत राज में मंत्री रहे अशोक चांदना ने भी भरोसा जताया कि अंता के कांग्रेस कार्यकर्ता जागरूक हैं और इस उपचुनाव में पार्टी को जीत मिलेगी।

इससे पहले, 5 नवंबर को सचिन पायलट ने अंता में रोड शो कर प्रमोद जैन भाया के समर्थन में लोगों से भारी बहुमत से जीत दिलाने की अपील की थी।

वहीं, भाजपा ने भी कमज़ोरी नहीं दिखाई। गहलोत के रोड शो से ठीक एक दिन पहले, 7 नवंबर को मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा और पूर्व मुख्यमंत्री वसुंधरा राजे ने भाजपा प्रत्याशी मोरपाल सुमन के लिए मांगरोल कस्बे में रोड शो किया। दोनों नेता रथ पर सवार होकर करीब दो किमी का रोड शो कर लोगों से समर्थन मांगते नजर आए। भाजपा का दावा है कि जनता पार्टी प्रत्याशी मोरपाल सुमन के साथ है और उनका जीतना तय है।

अंता उपचुनाव में त्रिकोणीय मुकाबला है। भाजपा के मोरपाल सुमन, कांग्रेस के प्रमोद जैन भाया और निर्दलीय नरेश मीणा चुनाव मैदान में पूरी ताकत झोंक रहे हैं। मतदान 11 नवंबर को होगा और 14 नवंबर को मतगणना के बाद परिणाम घोषित किए जाएंगे।

This slideshow requires JavaScript.

Leave a Reply

This slideshow requires JavaScript.