Tuesday, July 21

बिहार: नौकरी के बदले जमीन मामले में अगली सुनवाई 19 दिसंबर को, CBI करेगी विस्तृत रिपोर्ट दाखिल

पटना (आशुतोष कुमार पांडेय/IANSHINDI)जमीन के बदले नौकरी (लैंड फॉर जॉब) मामले में सीबीआई कोर्ट ने अगली सुनवाई की तारीख 19 दिसंबर तय की है। इस बहुचर्चित मामले में राजद सुप्रीमो लालू प्रसाद यादव, तेजस्वी यादव, राबड़ी देवी, मीसा भारती और हेमा यादव समेत कुल 103 आरोपियों के खिलाफ आरोप तय करने की प्रक्रिया अभी स्थगित रही।

सीबीआई ने मांगा अतिरिक्त समय
सुनवाई के दौरान सीबीआई ने अदालत से अतिरिक्त समय की मांग की। एजेंसी ने कहा कि वह 19 दिसंबर तक सभी आरोपियों से जुड़ी विस्तृत वेरिफिकेशन रिपोर्ट अदालत में दाखिल कर देगी। पिछली सुनवाई में भी अदालत ने यही निर्देश दिए थे, लेकिन अब तक रिपोर्ट पेश नहीं हो सकी।

लालू यादव और राबड़ी देवी समेत 103 आरोपी
सीबीआई ने इस मामले में कुल 103 लोगों को आरोपी बनाया है, जिनमें से चार की मौत हो चुकी है। अदालत यह स्पष्ट करना चाहती है कि कौन जीवित हैं और किनके खिलाफ आगे कानूनी कार्रवाई संभव है। इससे पहले 11 दिसंबर को राउज एवेन्यू कोर्ट ने सुनवाई को 15 दिसंबर तक टाल दिया था।

गंभीर आरोप
सीबीआई की चार्जशीट में आरोप लगाया गया है कि रेलवे में नौकरी दिलाने के बदले उम्मीदवारों और उनके परिजनों से जमीन ली गई। अधिकांश लेन-देन नकद में हुआ और कुछ मामलों में केवल सेल डीड मौजूद हैं। एजेंसी ने आरोप तय करने के लिए आईपीसी की धारा 120बी, 420, 467, 468, 471 और भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम की धारा 11, 12, 13, 8, 9 के तहत कार्रवाई की मांग की है।

अगली सुनवाई की तैयारी
सीबीआई का कहना है कि 19 दिसंबर तक सभी आरोपियों की वर्तमान स्थिति और वेरिफिकेशन रिपोर्ट कोर्ट में पेश कर दी जाएगी। इस रिपोर्ट के आधार पर ही कोर्ट आगे की कार्रवाई तय करेगी।

This slideshow requires JavaScript.

Leave a Reply

This slideshow requires JavaScript.