Tuesday, July 21

पटना से भोपाल तक का सफर, एमपी से रहा गहरा नाता: कार्यकारी राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नबीन की यादगार भूमिका

भोपाल। बिहार सरकार में मंत्री नितिन नबीन को भारतीय जनता पार्टी का कार्यकारी राष्ट्रीय अध्यक्ष नियुक्त किया गया है। भाजपा संसदीय बोर्ड के इस निर्णय की जानकारी पार्टी के वरिष्ठ नेता अरुण सिंह ने दी। नए राष्ट्रीय अध्यक्ष के चुनाव तक नितिन नबीन यह महत्वपूर्ण जिम्मेदारी संभालेंगे। उनकी नियुक्ति के बाद मध्य प्रदेश भाजपा के युवा कार्यकर्ताओं और नेताओं में खासा उत्साह देखा जा रहा है, क्योंकि नितिन नबीन का प्रदेश से पुराना और मजबूत रिश्ता रहा है।

2010 में सौंपा गया था एमपी का दायित्व
वर्ष 2010 में भाजपा नेतृत्व ने नितिन नबीन को भारतीय जनता युवा मोर्चा का मध्य प्रदेश प्रभारी नियुक्त किया था। उस समय जीतू जिराती प्रदेश अध्यक्ष और रजनीश अग्रवाल प्रदेश महामंत्री थे। नबीन ने तीन वर्षों तक मध्य प्रदेश में संगठनात्मक जिम्मेदारी निभाई और पार्टी को जमीनी स्तर पर मजबूत करने में अहम भूमिका निभाई।

प्रदेश महामंत्री को घोड़ी चढ़ाने पटना से पहुंचे भोपाल
नितिन नबीन के एमपी प्रवास से जुड़ा एक रोचक किस्सा भी कार्यकर्ताओं के बीच आज तक चर्चित है। 15 दिसंबर 2011 को प्रदेश महामंत्री रजनीश अग्रवाल की शादी के अवसर पर नितिन नबीन ने मजाक में कहा था कि वे उन्हें घोड़ी चढ़ाएंगे। अपनी बात को निभाते हुए वे पटना से विशेष रूप से भोपाल पहुंचे, रजनीश अग्रवाल को घोड़ी पर बिठाया और उसी दिन वापस पटना लौट गए। यह घटना उनके स्नेह और कार्यकर्ताओं से आत्मीय जुड़ाव को दर्शाती है।

आदिवासी अंचलों में किया व्यापक प्रवास
पूर्व विधायक जीतू जिराती के अनुसार, नितिन नबीन ने 2010 से 2013 के बीच मध्य प्रदेश में व्यापक प्रवास किया, खासकर आदिवासी क्षेत्रों में। कट्ठीवाड़ा में युवा मोर्चा की प्रदेश कार्यसमिति का आयोजन उनके कार्यकाल की बड़ी उपलब्धि मानी जाती है। सीमित संसाधनों के बावजूद उन्होंने दो दिन वहीं रहकर कार्यसमिति में भाग लिया। यह आदिवासी अंचल में आयोजित पहली प्रदेश कार्यसमिति थी।

कांग्रेस के दिग्गज को दिलाई थी पटखनी
नितिन नबीन के प्रभारी रहते हुए आदिवासी क्षेत्रों में भाजपा की पैठ मजबूत हुई। इसी दौरान कांग्रेस के वरिष्ठ नेता कांतिलाल भूरिया को चुनावी हार का सामना करना पड़ा। आजाद नगर-भाबरा में आयोजित एक विशाल कार्यक्रम में करीब दो लाख आदिवासी कार्यकर्ताओं की मौजूदगी ने भाजपा की ताकत का प्रदर्शन किया। इस आयोजन को सफल बनाने में नितिन नबीन ने स्थानीय नेतृत्व के साथ कंधे से कंधा मिलाकर मेहनत की थी।

नितिन नबीन की कार्यकारी राष्ट्रीय अध्यक्ष के रूप में नियुक्ति ने एक बार फिर उनके संगठनात्मक कौशल और जमीनी जुड़ाव को राष्ट्रीय मंच पर स्थापित किया है। मध्य प्रदेश में किए गए उनके कार्य आज भी पार्टी कार्यकर्ताओं के लिए प्रेरणा बने हुए हैं।

This slideshow requires JavaScript.

Leave a Reply

This slideshow requires JavaScript.