Tuesday, July 21

गुड न्यूज: अब दिल्ली दूर नहीं! झुंझुनूं-पचेरी फोरलेन हाईवे से सफर होगा तेज और आसान

झुंझुनूं: राजस्थान के शेखावाटी क्षेत्र के लोगों के लिए बड़ी खुशखबरी है। अब दिल्ली तक का सफर आसान, तेज और सुरक्षित होने वाला है। केंद्र सरकार ने झुंझुनूं से चिड़ावा-सिंघाना होते हुए हरियाणा बॉर्डर (पचेरी) तक एनएच-11 को फोरलेन हाईवे बनाने की मंजूरी दे दी है।

इस महत्वाकांक्षी परियोजना पर 2202.67 करोड़ रुपए खर्च किए जाएंगे और हाईवे पूरा होते ही वाहन सरपट दौड़ने लगेंगे। केंद्रीय सड़क परिवहन मंत्रालय की मंजूरी के बाद यह परियोजना राजस्थान, हरियाणा और दिल्ली के बीच कनेक्टिविटी की तस्वीर बदल देगी।

इस परियोजना में कुल 78.18 किलोमीटर सड़क को फोरलेन बनाया जाएगा। भीड़भाड़ वाले कस्बों में जाम से राहत दिलाने के लिए 41.66 किलोमीटर लंबे बाइपास बनाए जाएंगे। इसके अलावा, पूरे मार्ग पर 42 छोटे-बड़े पुल बनाए जाएंगे, जिससे यातायात निर्बाध रहेगा।

झुंझुनूं बीहड़, बगड़, खुड़ाना, सिंघाना और पचेरी कलां में बाइपास बनाए जाएंगे। चिड़ावा शहर को रिंग रोड का लाभ मिलेगा। पिलानी रोड से लाखू तिराहा और ओजटू तिराहा तक बने फोरलेन रिंग रोड से शहर के अंदर ट्रैफिक का दबाव काफी कम होगा।

इस हाईवे के बनने से किसानों की उपज दिल्ली-एनसीआर की बड़ी मंडियों तक तेज़ी से पहुंचेगी। फल, सब्जियां और अन्य कृषि उत्पाद कम समय में बाजार पहुंचेंगे, जिससे परिवहन खर्च घटेगा और बेहतर दाम मिलेंगे। व्यापारियों और उद्योगपतियों के लिए भी दिल्ली, गुरुग्राम और हरियाणा का सफर आसान हो जाएगा।

डिप्टी सीएम दीया कुमारी ने कहा कि इस फोरलेन हाईवे से झुंझुनूं जिले को विकास की नई दिशा मिलेगी। बेहतर आवागमन, औद्योगिक विकास, रोजगार के नए अवसर और किसानों की बड़े शहरों तक आसान पहुंच सुनिश्चित होगी।

सरकारी सूत्रों के अनुसार, झुंझुनूं-मंडावा-फतेहपुर खंड का कार्य लगभग पूरा हो चुका है। अब झुंझुन-बगड़-चिड़ावा-पचेरी खंड में भूमि अधिग्रहण की प्रक्रिया तेज़ की जा रही है। हरियाणा सीमा में अधिकांश निर्माण कार्य पहले ही पूरा हो चुका है।

This slideshow requires JavaScript.

Leave a Reply

This slideshow requires JavaScript.