Tuesday, July 21

मंदार पर्वत आने वाले सैलानियों को मिलेगी बड़ी सौगात आधुनिक गेस्ट हाउस निर्माण को मंजूरी, जमीन अधिग्रहण प्रक्रिया शुरू

बिहार के बांका जिले के ऐतिहासिक और धार्मिक महत्व वाले मंदार पर्वत क्षेत्र के विकास की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम उठाया गया है। यहां आने वाले देश-प्रदेश के श्रद्धालुओं और पर्यटकों की सुविधा को ध्यान में रखते हुए आधुनिक हाउसिंग गेस्ट हाउस के निर्माण का निर्णय लिया गया है। इसके लिए भूमि चयन एवं अधिग्रहण की प्रक्रिया शीघ्र शुरू की जाएगी

मंदार पर्वत हर वर्ष लाखों श्रद्धालुओं और पर्यटकों को आकर्षित करता है, लेकिन ठहरने की समुचित व्यवस्था के अभाव में लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ता था। गेस्ट हाउस के निर्माण से इस समस्या का स्थायी समाधान होगा।

पटना में लिया गया निर्णय

यह अहम फैसला गुरुवार को पटना में आयोजित बहुराज्यीय सहकारी भूमि विकास बैंक के 68वें स्थापना दिवस समारोह सह आम सभा के दौरान लिया गया। कार्यक्रम का उद्घाटन बिहार विधानसभा अध्यक्ष डॉ. प्रेम कुमार और बिहार विधान परिषद के अध्यक्ष अवधेश नारायण सिंह ने संयुक्त रूप से किया।

इस अवसर पर विधान परिषद सदस्य अनिल कुमार, भागलपुर एवं बांका से विधान परिषद सदस्य विजय कुमार सिंह, लैंड मॉर्गेज बैंक बिहार-झारखंड की अध्यक्ष श्रीमती ममता सिंह, बैंक के पदाधिकारी, जनप्रतिनिधि एवं अन्य सदस्य बड़ी संख्या में उपस्थित रहे।

पर्यटन और रोजगार को मिलेगा बढ़ावा

कार्यक्रम में बांका जिले का प्रतिनिधित्व कर रहे सदस्य निखिल बहादुर सिंह उर्फ मान सिंह ने मंदार क्षेत्र में गेस्ट हाउस निर्माण के प्रस्ताव का स्वागत करते हुए इसे समय की आवश्यकता बताया। उन्होंने कहा कि गेस्ट हाउस बनने से पर्यटकों, श्रद्धालुओं, प्रशासनिक अधिकारियों और अन्य आगंतुकों को बेहतर आवासीय सुविधा मिलेगी।

उन्होंने बताया कि इस परियोजना से न केवल धार्मिक और पर्यटन गतिविधियों को बढ़ावा मिलेगा, बल्कि स्थानीय लोगों के लिए रोजगार के नए अवसर भी सृजित होंगे।

तेजी से आगे बढ़ेगा निर्माण कार्य

बताया गया कि भूमि चयन की प्रक्रिया पूरी होते ही निर्माण कार्य को तेजी से शुरू किया जाएगा। यह परियोजना मंदार क्षेत्र के समग्र विकास की दिशा में एक मील का पत्थर साबित होगी।

उम्मीद जताई जा रही है कि गेस्ट हाउस के निर्माण के बाद मंदार पर्वत राज्य के प्रमुख पर्यटन केंद्रों में और मजबूती से अपनी पहचान बनाएगा तथा बांका जिले को विकास की नई ऊंचाइयों तक पहुंचाएगा।

This slideshow requires JavaScript.

Leave a Reply

This slideshow requires JavaScript.