Tuesday, July 21

मजदूरी कर लौट रहे तीन युवकों की दर्दनाक मौत, मैहर में सड़क किनारे खड़े ट्रैक्टर से टकराई तेज रफ्तार बाइक

 

 

मैहर।

मध्य प्रदेश के मैहर जिले में बुधवार देर रात एक हृदयविदारक सड़क हादसे में तीन युवकों की एक साथ मौत हो गई। दिनभर की कड़ी मेहनत-मजदूरी के बाद घर लौट रहे तीनों युवक तेज रफ्तार बाइक से सड़क किनारे खड़े ट्रैक्टर-ट्रॉली से जा टकराए। टक्कर इतनी भीषण थी कि बाइक के परखच्चे उड़ गए और तीनों की मौके पर ही मौत हो गई।

 

रात के अंधेरे में दिखा नहीं खराब ट्रैक्टर

 

हादसा मुकुंदपुर पुलिस चौकी क्षेत्र अंतर्गत गुजरा टोल प्लाजा के पास, इंडियन गैस एजेंसी के नजदीक हुआ। जानकारी के अनुसार, धान से लदा ट्रैक्टर-ट्रॉली सड़क किनारे खराब हालत में खड़ा था। अंधेरा होने के कारण तेज रफ्तार बाइक सवार युवकों को ट्रॉली नजर नहीं आई और बाइक सीधे उसके पीछे जा घुसी।

 

प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, टक्कर की आवाज काफी दूर तक सुनाई दी। टक्कर के बाद बाइक पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई और तीनों युवक सड़क पर जा गिरे। सिर और शरीर में गंभीर चोट लगने से तीनों की घटनास्थल पर ही सांसें थम गईं।

 

एक ही बाइक पर सवार थे तीनों

 

मृतक तीनों युवक एक ही बाइक पर सवार होकर रीवा से अपने गांव जमुना लौट रहे थे। हादसे ने परिवारों की खुशियां एक झटके में छीन लीं।

 

गांव में पसरा मातम

 

हादसे में जान गंवाने वाले युवकों की पहचान

 

  • अंकित सोधिया,

  • दीपक कोल और

  • नागेंद्र कोल,

तीनों निवासी ग्राम जमुना के रूप में हुई है। तीनों मेहनत-मजदूरी कर अपने परिवार का भरण-पोषण करते थे। मौत की खबर गांव पहुंचते ही जमुना गांव में सन्नाटा पसर गया और परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।

 

पुलिस ने शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेजा

 

हादसे की सूचना मिलते ही ताला थाना प्रभारी महेंद्र मिश्रा और मुकुंदपुर चौकी प्रभारी नागेश्वर मिश्रा पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस ने शवों का पंचनामा कर उन्हें अमरपाटन सिविल अस्पताल पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। मामले में मर्ग कायम कर जांच शुरू कर दी गई है।

 

पुलिस यह भी जांच कर रही है कि ट्रैक्टर-ट्रॉली पर चेतावनी संकेत या रिफ्लेक्टर लगे थे या नहीं।

 

 

This slideshow requires JavaScript.

Leave a Reply

This slideshow requires JavaScript.