Tuesday, July 21

दिल्ली ब्लास्ट के बाद वृंदावन में हाई अलर्ट, प्रेमानंद महाराज की पदयात्रा स्थगित

वृंदावन (मथुरा): दिल्ली में हुए बम धमाके के बाद देशभर के धार्मिक स्थलों पर सुरक्षा कड़ी कर दी गई है। इसी कड़ी में वृंदावन में भी हाई अलर्ट जारी किया गया है। सुरक्षा कारणों से पूज्य संत प्रेमानंद महाराज की प्रतिदिन निकलने वाली प्रसिद्ध पदयात्रा आज (मंगलवार, 11 नवंबर) अचानक स्थगित कर दी गई। इस अप्रत्याशित फैसले से दूर-दराज से दर्शन के लिए आए हजारों श्रद्धालु मायूस होकर लौट गए

हजारों भक्त हुए निराश

प्रेमानंद महाराज की अमृतवाणी सुनने और उनके दर्शन करने के लिए देश के विभिन्न हिस्सों से श्रद्धालु हर रोज़ वृंदावन आते हैं। ये भक्त सुबह 4 बजे के आसपास पदयात्रा की शुरुआत के लिए आस-पास की सड़कों पर जुटते हैं। लेकिन सुरक्षा कारणों से आज जब महाराज जी श्रीहित राधा केली कुंज आश्रम से बाहर नहीं निकले, तो उनके दर्शकों को गहरा आघात लगा।

सुरक्षा कारणों से लिया गया कदम

सूत्रों के अनुसार, दिल्ली धमाके के बाद मथुरा और वृंदावन के सभी प्रमुख धार्मिक स्थलों पर सुरक्षा एजेंसियों ने सख्त अलर्ट जारी किया है। प्रेमानंद महाराज की पदयात्रा में प्रतिदिन हजारों श्रद्धालु शामिल होते हैं, इसलिए संभावित खतरे से बचने के लिए प्रशासन ने यह कदम उठाया।

आधिकारिक बयान का इंतजार

अब तक श्रीहित राधा केली कुंज वृंदावन की ओर से पदयात्रा स्थगित करने पर कोई आधिकारिक बयान नहीं आया है। भक्त आशा कर रहे हैं कि हालात सामान्य होते ही महाराज जी की पदयात्रा फिर से शुरू होगी। इसके अलावा, वृंदावन में सुरक्षा व्यवस्था को और सख्त किया गया है और सभी प्रमुख चौराहों और मंदिरों पर पुलिस बल की तैनाती बढ़ा दी गई है।

This slideshow requires JavaScript.

Leave a Reply

This slideshow requires JavaScript.