Tuesday, July 21

चूरू के राजगढ़ में निजी स्कूल पर गंभीर आरोप, 11वीं के छात्र से कथित मारपीट का मामला तूल पकड़ा

 

चूरू। राजस्थान के चूरू जिले के राजगढ़ क्षेत्र में एक निजी स्कूल में 11वीं कक्षा के छात्र के साथ कथित रूप से की गई मारपीट का मामला सामने आने के बाद हड़कंप मच गया है। घटना से जुड़ा वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद मामला तूल पकड़ता जा रहा है। पीड़ित छात्र के पिता ने स्कूल प्रबंधन के खिलाफ राजगढ़ थाने में शिकायत दर्ज कराई है, जिसके आधार पर पुलिस ने जांच शुरू कर दी है।

 

लॉर्ड्स इंटरनेशनल स्कूल का बताया जा रहा मामला

 

यह मामला राजगढ़ के सिद्धमुख रोड स्थित लॉर्ड्स इंटरनेशनल स्कूल से जुड़ा बताया जा रहा है। पीड़ित छात्र के पिता दीपचंद ने आरोप लगाया है कि बुधवार को स्कूल के प्रिंसिपल सहित करीब छह शिक्षकों ने मिलकर उनके 15 वर्षीय बेटे के साथ बेरहमी से मारपीट की। छात्र ने घर पहुंचकर परिजनों को घटना की जानकारी दी, जिसके बाद देर रात उसकी तबीयत बिगड़ गई और उसे खून की उल्टियां होने लगीं।

 

परिजनों को नहीं मिला संतोषजनक जवाब

 

गुरुवार को परिजन स्कूल पहुंचे तो छुट्टी होने के बावजूद प्रिंसिपल और कुछ स्टाफ सदस्य स्कूल परिसर में मौजूद थे। परिजनों का आरोप है कि स्कूल प्रबंधन ने उन्हें कोई संतोषजनक जवाब नहीं दिया। इसी दौरान उन्हें मारपीट से संबंधित एक वीडियो भी प्राप्त हुआ, जो अब सोशल मीडिया पर वायरल हो चुका है।

 

मेडिकल कराया गया, पुलिस जांच में जुटी

 

राजगढ़ थाना अधिकारी राजेश सिहाग ने बताया कि शिकायत के आधार पर छात्र का मेडिकल परीक्षण कराया गया है और मामले में नियमानुसार जांच तथा कानूनी कार्रवाई की जा रही है। पुलिस वायरल वीडियो की भी जांच कर रही है।

 

शिक्षकों पर गंभीर आरोप, प्रिंसिपल ने किया खंडन

 

परिजनों का आरोप है कि प्रिंसिपल आरपी शर्मा ने पहले छात्र को थप्पड़ मारे, इसके बाद वाइस प्रिंसिपल नरेंद्र ने घुटनों, कोहनियों और थप्पड़ों से मारपीट की। शिक्षक सतीश द्वारा छात्र को पकड़कर रखने का भी आरोप लगाया गया है, जबकि पंकज, दिनेश सहित अन्य स्टाफ मौके पर मौजूद थे। परिजनों ने स्कूल की मान्यता रद्द करने की मांग की है।

 

वहीं, स्कूल के प्रिंसिपल आरपी शर्मा ने सभी आरोपों को खारिज करते हुए कहा कि कबड्डी खेल के दौरान छात्रों के बीच आपसी विवाद हुआ था, जिसे शांत कराने वे मौके पर पहुंचे थे। वायरल वीडियो पर उन्होंने कोई टिप्पणी करने से इनकार किया है।

 

This slideshow requires JavaScript.

Leave a Reply

This slideshow requires JavaScript.