Tuesday, July 21

दिल्ली ब्लास्ट की सुई हापुड़ तक, आतंकी टुंडा के रिश्तेदारों के घर पर ATS रेड, सुरक्षा एजेंसियां अलर्ट मोड में

गाजियाबाद/हापुड़: दिल्ली में सोमवार रात हुए विस्फोट के बाद मंगलवार को भी पुलिस और सुरक्षा एजेंसियां हाई अलर्ट पर रहीं। हापुड़ के धौलाना में संदिग्धों से पूछताछ की गई और दिल्ली ब्लास्ट से जुड़े सुरागों की छानबीन जारी रही। शहर के संवेदनशील इलाकों में बैरिकेडिंग और संदिग्ध वाहनों की चेकिंग की गई।

टुंडा के रिश्तेदार के यहां छापेमारी
हापुड़ पुलिस ने बम बनाने के विशेषज्ञ और कुख्यात आतंकी अब्दुल करीम टुंडा के रिश्तेदारों के घर पहुंच कर बयान दर्ज किए। अशोक नगर में पुलिस और खुफिया एजेंसियों ने संयुक्त रूप से जानकारियां जुटाई। इस कार्रवाई से मोहल्ले में हड़कंप मच गया। एसपी हापुड़ कुंवर ज्ञानंजय सिंह ने बताया कि टुंडा के रिश्तेदारों से पूछताछ की गई, लेकिन फिलहाल कोई आपत्तिजनक सामग्री या गतिविधि सामने नहीं आई है।

सुरक्षा-व्यवस्था कड़ी
अडिशनल सीपी लॉ एंड ऑर्डर आलोक प्रियदर्शी ने जिले की सीमाओं पर अतिरिक्त पुलिस बल तैनात किया। सुबह से लेकर देर रात तक रेलवे स्टेशन, बस अड्डे, मॉल और भीड़भाड़ वाले क्षेत्रों में गश्त और चेकिंग जारी रही। डॉग स्क्वॉड और बम निरोधक दस्तों के साथ कौशांबी मेट्रो स्टेशन, आनंद विहार बॉर्डर, बस स्टैंड और शिपा मॉल सहित कई संवेदनशील स्थलों की तलाशी ली गई।

संवेदनशील क्षेत्र पूरी तरह निगरानी में
केला भट्टा, इस्लामनगर, दिल्ली गेट, पप्पू कॉलोनी, शहीद नगर, डासना, मसूरी मुरादनगर, मोदीनगर समेत अन्य क्षेत्रों में खुफिया इकाइयां लगातार सक्रिय हैं।

सुरक्षा एजेंसियां हर संदिग्ध गतिविधि पर बारीकी से नजर रख रही हैं, ताकि राजधानी और आसपास के इलाकों में किसी भी अप्रिय घटना को रोका जा सके।

This slideshow requires JavaScript.

Leave a Reply

This slideshow requires JavaScript.