Tuesday, July 21

दिल्ली ब्लास्ट के बाद यूपी ATS का बड़ा एक्शन: जैश-ए-मोहम्मद से जुड़े तीन संदिग्ध हिरासत में, पूछताछ जारी

सहारनपुर/देवबंद: दिल्ली में हाल ही में हुए धमाके के बाद पश्चिम उत्तर प्रदेश में सुरक्षा एजेंसियों ने अलर्ट जारी कर दिया है। मंगलवार को सहारनपुर और देवबंद में उत्तर प्रदेश एंटी टेररिस्ट स्क्वॉड (ATS) ने गुप्त अभियान चलाकर जैश-ए-मोहम्मद से जुड़े तीन संदिग्धों को हिरासत में लिया। इन तीनों का संबंध जम्मू-कश्मीर के आतंकवादी डॉ. अदील अहमद से बताया जा रहा है। फिलहाल उन्हें गुप्त स्थान पर ले जाकर पूछताछ की जा रही है।

चार दिन पहले जम्मू-कश्मीर पुलिस ने सहारनपुर से डॉ. अदील अहमद को गिरफ्तार किया था। इस गिरफ्तारी के बाद से ही एटीएस और खुफिया एजेंसियां जिले में सक्रिय हैं। मंगलवार को अचानक किए गए छापों में इन संदिग्धों का डॉ. अदील के साथ सीधा संपर्क सामने आया। सूत्रों के अनुसार, ये कई बार उसके अस्पताल में भी देखे गए थे।

ग्रामीणों और खुफिया एजेंसियों की नजर

तीतरों के पापड़ी गांव निवासी बिलाल भी जांच के घेरे में हैं। उनके घर पर ताला लटका मिला है। ग्रामीणों के अनुसार, पिछले कुछ दिनों से परिवार का कोई पता नहीं है। एजेंसियों को शक है कि बिलाल का संबंध अलकायदा के नेटवर्क से भी हो सकता है।

देवबंद में खुफिया एजेंसियों ने कश्मीर से आए छात्रों और किरायेदारों का रिकॉर्ड खंगालना शुरू कर दिया है। मदरसों और मेडिकल कॉलेजों में पढ़ने वाले कश्मीरी छात्रों की जानकारी गुप्त रूप से जुटाई जा रही है। शहर के मकान मालिकों से भी पूछताछ की जा रही है ताकि संदिग्धों की पहचान की जा सके।

सुरक्षा कड़ी, निगरानी जारी

दिल्ली धमाके के बाद सहारनपुर, देवबंद, मुजफ्फरनगर, शामली, मेरठ और आसपास के क्षेत्रों में सुरक्षा चौकसी बढ़ा दी गई है। ATS, IB और स्थानीय पुलिस लगातार मिलकर निगरानी कर रहे हैं। जांच एजेंसियों का फोकस अब यह पता लगाना है कि अदील अहमद और उसके नेटवर्क का देश के अन्य हिस्सों से क्या संबंध है और क्या दिल्ली धमाके में इनका कोई अप्रत्यक्ष हाथ रहा।

This slideshow requires JavaScript.

Leave a Reply

This slideshow requires JavaScript.