Tuesday, July 21

लाड़ली बहना योजना में बड़ा अपडेट: नाम बदलकर हो सकता है ‘देवी सुभद्रा योजना’, खाते में पहली बार आएंगे 1500 रुपए

भोपाल: मध्य प्रदेश सरकार लाड़ली बहना योजना में बड़ा बदलाव करने जा रही है। योजना का नाम बदलकर संभवतः ‘देवी सुभद्रा योजना’ किया जाएगा। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव जल्द ही इसकी औपचारिक घोषणा कर सकते हैं। यह घोषणा 12 नवंबर को सिवनी में आयोजित कार्यक्रम में होने की संभावना है।

इस अवसर पर लाडली बहनों के खातों में 1250 रुपए की बजाय 1500 रुपए प्रतिमाह जमा किए जाएंगे। इस राशि में 250 रुपए की अतिरिक्त बढ़ोतरी की जा रही है।

वित्तीय असर

इस वृद्धि से वित्तीय वर्ष 2025-26 में 1793 करोड़ 75 लाख रुपए अतिरिक्त बजट की आवश्यकता होगी। पूरे वर्ष का संभावित व्यय अब 20,450 करोड़ 99 लाख रुपए रहेगा। वर्तमान में मध्य प्रदेश में 1.26 करोड़ लाड़ली बहनें हैं, जिन्हें अब तक कुल 44 हजार करोड़ रुपए की राशि प्रदान की जा चुकी है।

नामकरण का अर्थ

योजना का नया नाम देवी सुभद्रा के सम्मान में रखा जा रहा है। देवी सुभद्रा भगवान श्रीकृष्ण और बलराम की बहन थीं। उनका विवाह अर्जुन से हुआ और उनके पुत्र अभिमन्यु महाभारत के प्रसिद्ध योद्धा थे। देवी सुभद्रा को योगमाया के रूप में भी पूजनीय माना जाता है।

शिवराज सरकार से मोहन सरकार तक

यह योजना पूर्व मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान के कार्यकाल में मार्च 2023 में शुरू हुई थी। शुरुआत में महिलाओं को 1000 रुपए मासिक मिलते थे, जिसे सितंबर 2023 में बढ़ाकर 1250 रुपए किया गया। अब मोहन सरकार ने इसे 1500 रुपए प्रतिमाह करने का फैसला किया है।

नई योजनाओं की तैयारी

इसके अलावा, सरकार लाड़ली बहनों के लिए बीमा योजना भी लाने की तैयारी कर रही है। इस योजना में स्वास्थ्य संबंधी समस्याओं को भी शामिल किया जाएगा, जिससे महिलाओं को संपूर्ण सुरक्षा मिल सके। महिलाओं से नाममात्र का अंशदान लिया जाएगा और बाकी राशि सरकार वहन करेगी।

मध्य प्रदेश सरकार का उद्देश्य है कि योजना के माध्यम से प्रदेश की महिलाओं को आर्थिक और सामाजिक रूप से सशक्त बनाया जा सके।

This slideshow requires JavaScript.

Leave a Reply

This slideshow requires JavaScript.