Wednesday, July 22

गजराज का कहर: 4 दिनों में 6 लोग कुचले गए, खूंखार हाथी को बेहोश करने बंगाल से बुलाई गई विशेषज्ञ टीम

 

 

चाईबासा: झारखंड के पश्चिमी सिंहभूम जिले के गोईलकेरा प्रखंड में हाथियों का तांडव जानलेवा बन गया है। पिछले चार दिनों में एक ही दंतैले हाथी ने 6 लोगों को मौत के घाट उतार दिया है, जिससे पूरे क्षेत्र में दहशत का माहौल है।

 

सोमवार तड़के करीब 3:30 बजे बिला पंचायत के केंदू कोचा गांव में 56 वर्षीय महिला जोंगा कुई को यही हाथी कुचल दिया, जिससे उनकी मौके पर ही मौत हो गई। क्षेत्र के ग्रामीण अब अपने घरों से बाहर निकलने में भी डर रहे हैं। रोजमर्रा के काम और खेती-बाड़ी पूरी तरह से प्रभावित हो गई है। स्थानीय मुखिया दिनेश चंद्र बोयपाई ने पीड़ित परिवारों से मिलकर वन विभाग से तत्काल ठोस कदम उठाने की मांग की है।

 

बंगाल से बुलाई गई विशेषज्ञ टीम

 

स्थानीय अमले की असफलता के बाद अब हाथी को नियंत्रित करने के लिए विशेष तैयारी की गई है। कोल्हान वन प्रमंडल के रेंजर रामानंदन राम ने बताया कि हाथी को ‘ट्रैंक्विलाइज’ (बेहोश) करने के लिए पश्चिम बंगाल से विशेषज्ञ टीम चाईबासा पहुंच चुकी है।

 

खूंखार हाथी को नियंत्रित करने का अभियान

 

रेंजर रामानंदन राम ने बताया कि मंगलवार से इस खूंखार दंतैले हाथी को सुरक्षित स्थान पर भेजने या नियंत्रित करने का अभियान शुरू होगा। वन विभाग ने मृतक के परिवार को 25,000 रुपये की तत्काल सहायता राशि दी है और शेष मुआवजे की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है। इसके अलावा, ग्रामीणों को हाथी भगाने के लिए पटाखे और टॉर्च भी वितरित किए गए हैं।

 

This slideshow requires JavaScript.

Leave a Reply

This slideshow requires JavaScript.