Tuesday, July 21

गुना में श्मशान घाट बना रणक्षेत्र अंतिम संस्कार के दौरान ताबड़तोड़ फायरिंग, महिला के सीने में लगी गोली

 

 

गुना। जिले के धरनावदा थाना क्षेत्र अंतर्गत ग्राम खेजराचक में बुधवार दोपहर उस समय सनसनी फैल गई, जब एक बुजुर्ग महिला के अंतिम संस्कार के दौरान श्मशान घाट में अचानक गोलियां चलने लगीं। पारदी गुटों के बीच पुरानी रंजिश के चलते हुए इस खूनी संघर्ष में एक महिला के सीने में गोली लग गई। गंभीर हालत में महिला को शहर के निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां उसकी हालत नाजुक बनी हुई है।

 

मुखाग्नि से पहले हमला

 

जानकारी के अनुसार ग्राम खेजराचक निवासी झुमरबाई पारदी (70) का बुधवार सुबह बीमारी के चलते निधन हो गया था। दोपहर करीब 12 से 1 बजे के बीच परिजन उनका अंतिम संस्कार करने श्मशान घाट पहुंचे थे। इसी दौरान जब मुखाग्नि की तैयारी चल रही थी, तभी रामपूजन पारदी गैंग के 15-16 हथियारबंद बदमाश वहां पहुंचे और गाली-गलौज करते हुए अंधाधुंध फायरिंग शुरू कर दी।

 

फायरिंग के दौरान मोरबाई पारदी (50) पति खेजराबाई के सीने में गोली जा धंसी, जिससे वह मौके पर ही लहूलुहान होकर गिर पड़ीं।

 

श्मशान घाट में मची भगदड़

 

अचानक हुई गोलीबारी से श्मशान घाट में अफरा-तफरी मच गई। अंतिम संस्कार में शामिल लोग जान बचाने के लिए इधर-उधर भागे और झाड़ियों व पत्थरों की ओट लेकर छिपे। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार हमलावरों के पास 315 बोर की बंदूकें थीं और उन्होंने कई राउंड फायर किए।

 

पीड़ित पक्ष ने आरोप लगाया है कि हमले में रामपूजन पारदी के साथ ओम, कृष्णा, वीरेंद्र, अंबर, राजवीर, युवराज और धनराज सहित अन्य लोग शामिल थे।

 

पुरानी रंजिश में खूनी वारदात

 

घटना के पीछे पारदी गुटों के बीच लंबे समय से चली आ रही वर्चस्व की लड़ाई बताई जा रही है। उल्लेखनीय है कि बीते वर्ष 8 सितंबर को भी इसी परिवार के खेरु पारदी (40) की गोली मारकर हत्या कर दी गई थी। उस समय विवाद भैंसों के खेत में घुसने को लेकर शुरू हुआ था, जो बाद में हत्या तक पहुंच गया। पीड़ित परिवार का आरोप है कि आरोपी पक्ष लगातार उन्हें निशाना बना रहा है।

 

गांव और अस्पताल में पुलिस तैनात

 

महिला को गोली लगने की सूचना मिलते ही पुलिस विभाग में हड़कंप मच गया। घायल मोरबाई को तत्काल निजी अस्पताल पहुंचाया गया, जहां डॉक्टरों की टीम उनका इलाज कर रही है। स्थिति को देखते हुए गांव और अस्पताल परिसर में भारी पुलिस बल तैनात कर दिया गया है।

 

धरनावदा थाना पुलिस ने मामला दर्ज कर आरोपियों की तलाश शुरू कर दी है। खेजराचक गांव और आसपास के जंगलों में सर्च ऑपरेशन चलाया जा रहा है। घटना के बाद से गांव में दहशत और तनाव का माहौल बना हुआ है।

 

This slideshow requires JavaScript.

Leave a Reply

This slideshow requires JavaScript.