Tuesday, July 21

मथुरा: लव मैरिज से नाराज़ परिजनों ने बैंककर्मी बेटी का किया अपहरण, पुलिस की मदद से पति ने कराया मुक्त

 

लव मैरिज से नाराज़ परिजनों द्वारा बेटी के अपहरण का सनसनीखेज मामला मथुरा से सामने आया है। बैंककर्मी प्रियंका को उनके ही माता-पिता और भाई द्वारा अगवा किए जाने का आरोप है। मथुरा पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए प्रियंका को राजस्थान से सकुशल बरामद कर लिया। पीड़िता ने अपने परिजनों पर मारपीट, प्रताड़ना और जान से मारने की धमकी देने का गंभीर आरोप लगाया है।

 

पीड़िता प्रियंका ने बताया कि उन्होंने चार वर्ष पूर्व अपने सहकर्मी रविंद्र सिंह से प्रेम विवाह किया था, जिससे उनका परिवार नाराज़ चल रहा था। 8 जनवरी को उन्हें उनकी बैंक शाखा के बाहर से जबरन अगवा कर लिया गया। आरोप है कि परिजन उन्हें राजस्थान ले गए, जहां रास्ते में उनके साथ मारपीट की गई और गाली-गलौज करते हुए जान से मारने की धमकी दी गई।

 

गांव में बनाया बंधक

 

प्रियंका के अनुसार, राजस्थान ले जाने के बाद उन्हें गांव में बंधक बनाकर रखा गया। इस बीच उनके पति रविंद्र सिंह ने मथुरा पुलिस को सूचना दी। पुलिस की टीम पति के साथ मौके पर पहुंची और प्रियंका को सुरक्षित मुक्त कराकर मथुरा लेकर आई।

 

पुलिस को दिया धन्यवाद, दर्ज कराई शिकायत

 

प्रियंका ने मथुरा पुलिस की कार्रवाई की सराहना करते हुए कोतवाली में अपने माता-पिता और भाई-बहनों के खिलाफ लिखित शिकायत दर्ज कराई है। उन्होंने आशंका जताई है कि उन्हें और उनके पति को परिवार की ओर से अब भी जान का खतरा बना हुआ है।

 

गुजरात की रहने वाली हैं प्रियंका

 

प्रियंका मूल रूप से गुजरात के बनासकांठा जिले की रहने वाली हैं। वर्तमान में वह मथुरा की भूतेश्वर शाखा में बैंककर्मी हैं, जबकि उनके पति रविंद्र सिंह कोसीकलां शाखा में कार्यरत हैं। मायके पक्ष के लोग लंबे समय से प्रियंका पर पति को छोड़ने का दबाव बना रहे थे, जिसके चलते यह घटना अंजाम दी गई।

 

पुलिस मामले की जांच कर रही है और पीड़िता की सुरक्षा को लेकर आवश्यक कदम उठाए जा रहे हैं।

 

This slideshow requires JavaScript.

Leave a Reply

This slideshow requires JavaScript.