Tuesday, July 21

यूपी के मतदाताओं के लिए नई सुविधा: ‘बुक-ए-कॉल विद बीएलओ’ सेवा शुरू, वोटर सेवाएं होंगी और सुलभ

 

उत्तर प्रदेश के मतदाताओं को बड़ी राहत देते हुए भारत निर्वाचन आयोग ने मतदाता सेवाओं को और अधिक सुलभ बनाने की दिशा में एक नई पहल की है। मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण (SIR) अभियान के तहत आयोग ने ‘बुक-ए-कॉल विद बीएलओ’ नामक सुविधा शुरू की है, जिसके माध्यम से मतदाता सीधे अपने बूथ लेवल ऑफिसर (BLO) से संपर्क कर सकेंगे।

 

चुनाव आयोग द्वारा शुक्रवार को जारी बयान में बताया गया कि मतदाता सूची से संबंधित दावे और आपत्तियां दर्ज कराने की अवधि 6 फरवरी 2026 तक प्रभावी रहेगी। इस दौरान यदि किसी मतदाता को नाम जोड़ने, संशोधन या किसी अन्य प्रकार की सहायता की आवश्यकता है, तो वह बीएलओ के साथ कॉल के लिए अपॉइंटमेंट बुक कर सकता है।

 

ड्राफ्ट वोटर लिस्ट से जुड़ी समस्याओं का होगा समाधान

 

आयोग के अनुसार, एसआईआर प्रक्रिया के बाद जारी ड्राफ्ट मतदाता सूची में बड़ी संख्या में नाम कटने की शिकायतें सामने आई हैं। ऐसे में योग्य मतदाताओं को सही मार्गदर्शन और त्वरित सहायता उपलब्ध कराने के उद्देश्य से यह सुविधा शुरू की गई है। मतदाता अपनी समस्या का समाधान बीएलओ से सीधे बातचीत कर प्राप्त कर सकेंगे।

 

कैसे करें ‘बुक-ए-कॉल विद बीएलओ’ सुविधा का उपयोग

 

मतदाता भारत निर्वाचन आयोग के पोर्टल voters.eci.gov.in या वोटर हेल्पलाइन ऐप के माध्यम से इस सुविधा का लाभ उठा सकते हैं। इसके लिए मोबाइल नंबर से लॉग-इन करना होगा। यदि मोबाइल नंबर पहले से पंजीकृत नहीं है, तो मतदाता को पहले ‘साइन-अप’ प्रक्रिया पूरी करनी होगी।

 

लॉग-इन के बाद मतदाता अपना ईपीआईसी नंबर या संदर्भ संख्या दर्ज कर, अथवा राज्य, जिला, विधानसभा क्षेत्र और बूथ नंबर जैसी जानकारी देकर कॉल बुक कर सकते हैं। कॉल बुक होने के बाद संबंधित बीएलओ 48 घंटे के भीतर मतदाता से संपर्क करेगा।

 

मतदाता जागरूकता की दिशा में अहम कदम

 

चुनाव आयोग का यह कदम मतदाताओं की सुविधा बढ़ाने के साथ-साथ चुनावी प्रक्रिया में पारदर्शिता और सहभागिता को मजबूत करने की दिशा में अहम माना जा रहा है।

This slideshow requires JavaScript.

Leave a Reply

This slideshow requires JavaScript.