Wednesday, July 22

प्यार में धोखा बना हत्या की वजह: महिला ऑटो चालक अनीता चौधरी की गोली मारकर हत्या का खुलासा, मुख्य आरोपी गिरफ्तार

 

 

झांसी में महिला ऑटो चालक अनीता चौधरी की नृशंस हत्या के मामले का पुलिस ने खुलासा कर दिया है। पुलिस ने मुख्य आरोपी मुकेश झा को गिरफ्तार कर लिया है, जिसने पूछताछ में प्रेम संबंधों में धोखा मिलने के कारण हत्या को अंजाम देने की बात कबूल की है। आरोपी पर झांसी पुलिस ने 25 हजार रुपये का इनाम घोषित कर रखा था।

 

पुलिस के अनुसार, झांसी की पहली महिला ऑटो चालक के रूप में पहचान बनाने वाली अनीता चौधरी की हत्या ने पूरे शहर को झकझोर कर रख दिया था। इस सनसनीखेज मामले में राष्ट्रीय महिला आयोग ने भी संज्ञान लेते हुए प्रदेश के पुलिस महानिदेशक से रिपोर्ट तलब की थी।

 

सड़क हादसा बताकर की गई थी हत्या छिपाने की कोशिश

 

यह घटना 5 जनवरी की सुबह नवाबाद थाना क्षेत्र के स्टेशन रोड पर सामने आई थी, जहां एक ऑटो पलटा हुआ मिला और उसके पास अनीता चौधरी का खून से लथपथ शव बरामद हुआ। प्रारंभिक तौर पर पुलिस ने इसे सड़क दुर्घटना का मामला बताया था, लेकिन परिजनों के विरोध और जांच के दौरान खुलासा हुआ कि अनीता की गोली मारकर हत्या की गई थी।

 

पति की तहरीर पर दर्ज हुआ हत्या का केस

 

मृतका के पति द्वारिका की तहरीर पर पुलिस ने मुकेश झा, शिवम और मनोज के खिलाफ हत्या का मुकदमा दर्ज किया। शिवम और मनोज को हिरासत में लेकर पूछताछ की गई, जिससे पुलिस को हत्या के पीछे की वजह तक पहुंचने में मदद मिली। मुख्य आरोपी मुकेश झा घटना के बाद से फरार चल रहा था।

 

इनाम घोषित कर पकड़ा गया आरोपी

 

पुलिस ने मुकेश झा की गिरफ्तारी के लिए 25 हजार रुपये का इनाम घोषित किया था। लगातार दबिश के बाद शुक्रवार रात पुलिस ने उसे भगवन्तपुरा रोड के पास से गिरफ्तार कर लिया।

 

आरोपी ने किया जुर्म कबूल

 

एसपी सिटी प्रीति सिंह ने बताया कि प्रारंभिक पूछताछ में मुकेश झा ने स्वीकार किया है कि उसने प्रेम संबंधों में धोखा मिलने के कारण अनीता चौधरी की हत्या की। मामले में नामजद अन्य आरोपियों की भूमिका की भी जांच की जा रही है।

 

इस जघन्य वारदात से शहर में आक्रोश का माहौल है और पुलिस पूरे मामले की गहन जांच में जुटी हुई है।

 

This slideshow requires JavaScript.

Leave a Reply

This slideshow requires JavaScript.