Wednesday, July 22

महिला प्रीमियर लीग में इतिहास: आयुषी सोनी बनीं पहली ‘रिटायर्ड आउट’ खिलाड़ी

नवी मुंबई। महिला प्रीमियर लीग (WPL) 2026 के छठे मुकाबले में मंगलवार को एक ऐतिहासिक क्षण देखने को मिला। डीवाई पाटिल स्टेडियम में खेले गए गुजरात जायंट्स बनाम मुंबई इंडियंस मैच में पहली बार किसी खिलाड़ी को रिटायर्ड आउट किया गया। यह अनोखा रिकॉर्ड गुजरात जायंट्स की बल्लेबाज आयुषी सोनी के नाम दर्ज हुआ।

टॉस जीतकर मुंबई इंडियंस की कप्तान हरमनप्रीत कौर ने पहले गेंदबाजी का फैसला किया। पहले बल्लेबाजी करते हुए गुजरात जायंट्स की ओर से छठे नंबर पर उतरी आयुषी सोनी अपेक्षित तेजी से रन नहीं बना सकीं। उन्होंने 14 गेंदों में सिर्फ 11 रन बनाए, जिससे उनका स्ट्राइक रेट 80 से नीचे रहा। टीम को अंतिम ओवरों में तेज रन गति की जरूरत थी, ऐसे में रणनीतिक फैसले के तहत आयुषी सोनी को वापस बुला लिया गया और उन्हें रिटायर्ड आउट घोषित किया गया। महिला प्रीमियर लीग के इतिहास में यह पहला मौका है, जब किसी खिलाड़ी को इस तरह आउट किया गया।

गुजरात जायंट्स का दमदार स्कोर

आयुषी के रिटायर्ड आउट होने के बाद क्रीज पर आईं भारती फुलमली ने आक्रामक बल्लेबाजी का शानदार प्रदर्शन किया। उन्होंने मात्र 15 गेंदों में 36 रन बनाए और 240 के स्ट्राइक रेट से रन बटोरे। जॉर्जिया वैरहम ने नाबाद 43 रन की उपयोगी पारी खेली, जबकि कनिका अहूजा ने 18 गेंदों में 35 रन जोड़े। गुजरात जायंट्स ने निर्धारित 20 ओवरों में 5 विकेट के नुकसान पर 192 रन बनाए और मुंबई इंडियंस को 193 रन का लक्ष्य दिया।

मुंबई इंडियंस की ओर से शबनम इस्माइल, हेली मैथ्यूज, निकोला कैरी और अमेलिया कैर ने एक-एक विकेट लिया।

रिकॉर्ड के करीब पहुंचा गुजरात

मुंबई इंडियंस के खिलाफ यह गुजरात जायंट्स का संयुक्त रूप से दूसरा सबसे बड़ा स्कोर रहा। इससे पहले 2025 में रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु ने मुंबई के खिलाफ 3 विकेट पर 199 रन बनाए थे। गौरतलब है कि गुजरात जायंट्स इस मुकाबले में यूपी वॉरियर्ज और दिल्ली कैपिटल्स के खिलाफ लगातार दो जीत दर्ज कर आत्मविश्वास से भरी हुई उतरी थी।

महिला प्रीमियर लीग के इतिहास में दर्ज हुए इस पहले रिटायर्ड आउट ने क्रिकेट रणनीति पर नई बहस को जन्म दे दिया है।

 

This slideshow requires JavaScript.

Leave a Reply

This slideshow requires JavaScript.