Wednesday, July 22

दुबई से चला रहा नेटवर्क, करोड़ों की संपत्ति का मालिक शारिक साठा संभल हिंसा के मास्टरमाइंड पर पुलिस का शिकंजा, कुर्की की कार्रवाई तेज

 

संभल। 24 नवंबर 2024 को संभल में हुई हिंसा के मास्टरमाइंड शारिक साठा एक बार फिर सुर्खियों में है। उत्तर प्रदेश पुलिस की लगातार कार्रवाई के बावजूद वह अब तक गिरफ्त से बाहर है और दुबई में बैठकर अपने आपराधिक नेटवर्क का संचालन कर रहा है। कोर्ट के आदेश पर नखासा थाना पुलिस ने उसके मकान की कुर्की की प्रक्रिया शुरू कर दी है।

 

पुलिस रिकॉर्ड के अनुसार, शारिक साठा को देश का सबसे बड़ा ऑटो लिफ्टर बताया जाता है। उसके खिलाफ हत्या, आर्म्स एक्ट, चोरी और जालसाजी समेत कुल 69 आपराधिक मुकदमे दर्ज हैं। पुलिस का दावा है कि संभल हिंसा के दौरान उसने बड़ी मात्रा में हथियारों की आपूर्ति कर भीड़ को भड़काने में अहम भूमिका निभाई थी।

 

करोड़ों की संपत्ति पर पहले भी चला बुलडोजर

पुलिस के मुताबिक, शारिक साठा की करीब 2.31 करोड़ रुपये की संपत्ति को पिछले वर्ष ही जब्त किया जा चुका है। वर्ष 2009 में शारिक साठा और उसके गैंग के सदस्यों पर गैंगस्टर एक्ट के तहत मामला दर्ज हुआ था। जांच में सामने आया कि गैंग ने तुरतीपुर इल्हा में 268 वर्गमीटर की कीमती जमीन खरीदी थी, जिसे उसकी पत्नी गुले रोशन और उसके सहयोगी सिकंदर की पत्नी सजा परवीन के नाम पर दर्ज कराया गया था। इस संपत्ति को वर्ष 2011 में ही पुलिस ने जब्त कर लिया था।

 

नोटिस के बावजूद नहीं किया सरेंडर

संभल हिंसा के बाद से शारिक साठा देश से फरार है। पुलिस अब तक उसके गैंग के तीन सदस्यों को गिरफ्तार कर जेल भेज चुकी है। कुछ महीने पहले अदालत की ओर से कुर्की की चेतावनी का नोटिस जारी किया गया था, लेकिन इसके बावजूद शारिक साठा ने न तो सरेंडर किया और न ही जांच में सहयोग किया।

 

पुलिस अधिकारियों का कहना है कि फरार अपराधी की अवैध रूप से अर्जित संपत्तियों की पहचान कर उन्हें जब्त किया जाएगा, साथ ही इंटरनेशनल नेटवर्क के जरिए उसकी गिरफ्तारी के प्रयास भी तेज किए गए हैं। कानून के शिकंजे से बचना उसके लिए अब और मुश्किल होता जा रहा है।

This slideshow requires JavaScript.

Leave a Reply

This slideshow requires JavaScript.