Tuesday, July 21

झारखंड में बदलेगा मौसम का मिजाज अगले 24 घंटों में बढ़ेगा तापमान, रात की ठंड से मिलेगी राहत

रांची।
झारखंड में आने वाले 24 घंटों के दौरान मौसम के मिजाज में बदलाव के संकेत मिल रहे हैं। भारतीय मौसम विज्ञान विभाग (आईएमडी), रांची केंद्र द्वारा जारी ताजा बुलेटिन के अनुसार राज्य में फिलहाल मौसम शुष्क बना हुआ है, लेकिन अगले कुछ दिनों में तापमान में क्रमिक बढ़ोतरी दर्ज की जाएगी, जिससे रात और सुबह की कनकनी में कमी आएगी।

मौसम विभाग के अनुसार वर्तमान में उत्तरी पाकिस्तान और आसपास के क्षेत्रों में एक सुस्पष्ट निम्न दबाव क्षेत्र सक्रिय है। इसके साथ ही समुद्र तल से करीब 9.4 किलोमीटर की ऊंचाई तक चक्रवाती परिसंचरण बना हुआ है। ऊपरी क्षोभमंडल में सक्रिय पश्चिमी विक्षोभ भी झारखंड के मौसम को परोक्ष रूप से प्रभावित कर रहा है। इसके अलावा 26 जनवरी 2026 से एक नए पश्चिमी विक्षोभ के उत्तर-पश्चिम भारत में प्रवेश करने की संभावना जताई गई है, जिसका असर राज्य के मौसम पर भी देखने को मिल सकता है।

तापमान में होगी 3–4 डिग्री की बढ़ोतरी

मौसम विभाग के निदेशक के अनुसार अगले तीन दिनों में न्यूनतम तापमान में 3 से 4 डिग्री सेल्सियस की बढ़ोतरी होने की संभावना है। इसके बाद तापमान दो दिनों तक लगभग स्थिर बना रह सकता है। इस बदलाव से रात और सुबह की ठंड में कमी आएगी और लोगों को ठिठुरन से आंशिक राहत मिलेगी।

दिन में खिलेगी तेज धूप

पूर्वानुमान के अनुसार झारखंड के मध्य (रांची, बोकारो, हजारीबाग), दक्षिण, उत्तर-पश्चिम और उत्तर-पूर्वी जिलों में आगामी एक सप्ताह तक मौसम शुष्क रहने की संभावना है। सुबह के समय हल्की धुंध या कोहरा छा सकता है, लेकिन दिन चढ़ने के साथ आसमान साफ रहेगा और तेज धूप खिलने की उम्मीद है। अधिकतम तापमान 27 से 30 डिग्री सेल्सियस के बीच बना रह सकता है।

आर्द्रता में उतार-चढ़ाव

बीते 24 घंटों में आर्द्रता के स्तर में भी काफी उतार-चढ़ाव दर्ज किया गया। रांची में अधिकतम आर्द्रता 82 प्रतिशत रही, जबकि न्यूनतम आर्द्रता 17 प्रतिशत तक गिर गई, जिससे दिन के समय हवा में शुष्कता महसूस की गई।

बारिश और चेतावनी को लेकर राहत

मौसम विभाग ने स्पष्ट किया है कि अगले सात दिनों के लिए राज्य के किसी भी हिस्से में गंभीर मौसम चेतावनी जारी नहीं की गई है। चेतावनी स्तर ‘NIL’ रखा गया है। वर्षा की संभावना भी नगण्य है। 1 जनवरी 2026 से अब तक राज्य के अधिकांश मौसम केंद्रों पर वर्षा शून्य दर्ज की गई है और आने वाले सप्ताह में भी बारिश के आसार नहीं हैं।

गणतंत्र दिवस के अवसर पर रांची और आसपास के क्षेत्रों में न्यूनतम तापमान करीब 11 डिग्री सेल्सियस रहने का अनुमान है, जिससे सुबह के समय हल्की ठंड महसूस हो सकती है, लेकिन मौसम सामान्य और शुष्क रहेगा।

This slideshow requires JavaScript.

Leave a Reply

This slideshow requires JavaScript.