Tuesday, July 21

बिहार में कल मौसम का अलर्ट 25 जिलों में बारिश, तेज हवाओं और कोहरे की चेतावनी

पटना, आशुतोष कुमार पांडेय: मौसम विभाग ने बिहार में 28 जनवरी को बारिश और तेज हवाओं के साथ कोहरे का अलर्ट जारी किया है। पश्चिमी हवाओं के प्रभाव से प्रदेश के अधिकांश हिस्सों में ठंडक बनी रहेगी। इसके साथ ही अगले कुछ दिनों में छिटपुट बारिश, तेज हवाएं और कोहरे का प्रकोप रहने की संभावना है।

बारिश और हवाओं की चेतावनी
मौसम विभाग के अनुसार, 28 जनवरी को पश्चिम चंपारण, पूर्वी चंपारण, गोपालगंज, सीवान, सारण, सीतामढ़ी, मधुबनी, मुजफ्फरपुर, दरभंगा, वैशाली, शिवहर, समस्तीपुर, सुपौल, अररिया, किशनगंज, मधेपुरा, सहरसा, पूर्णिया और कटिहार में गरज के साथ बारिश और 30-40 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाओं की संभावना है। दक्षिण-पश्चिमी बिहार के बक्सर, भोजपुर, रोहतास, भभुआ, औरंगाबाद और अरवल में भी बारिश होने का अनुमान है।

कोहरा और दृश्यता पर असर
29 और 30 जनवरी को उत्तर और उत्तर-पश्चिम बिहार के साथ-साथ कुछ दक्षिण-पश्चिमी जिलों में घना कोहरा छाने की संभावना है। इससे सड़क और रेल यातायात प्रभावित हो सकता है। मौसम विभाग ने यात्रियों से सावधानी बरतने का आग्रह किया है।

तापमान में उतार-चढ़ाव
राज्य में अधिकतम तापमान 12°C से 26°C और न्यूनतम तापमान 6°C के आसपास रहने की संभावना है। अगले 24 घंटों में अधिकतम तापमान में 2-4°C की गिरावट और न्यूनतम तापमान में 2-4°C की वृद्धि होने की संभावना है।

सुरक्षा और बचाव
मौसम विभाग ने चेतावनी दी है कि गरज और बिजली गिरने की स्थिति में लोगों को पक्के घरों में शरण लेनी चाहिए और ऊंचे पेड़ या बिजली के खंभों से दूर रहना चाहिए। तेज हवाओं के कारण कच्ची संरचनाओं को नुकसान हो सकता है। किसानों को भी मौसम के अनुसार कृषि कार्य करने की सलाह दी गई है।

This slideshow requires JavaScript.

Leave a Reply

This slideshow requires JavaScript.