Tuesday, July 21

बीजेपी को देशभर में चुनौती देने की क्षमता सिर्फ ममता बनर्जी में, अखिलेश यादव ने किया पूर्ण समर्थन का ऐलान

कोलकाता: समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव ने पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी को लेकर बड़ा राजनीतिक बयान दिया है। मंगलवार को कोलकाता में मुख्यमंत्री कार्यालय नबन्ना में हुई मुलाकात के बाद अखिलेश यादव ने कहा कि अगर देश में कोई नेता भारतीय जनता पार्टी का डटकर मुकाबला कर सकता है, तो वह ममता बनर्जी हैं।

मुलाकात के बाद मीडिया से बातचीत में अखिलेश यादव ने ममता बनर्जी की राजनीतिक दृढ़ता और साहस की सराहना करते हुए कहा कि उन्होंने लगातार बीजेपी के हमलों का मजबूती से सामना किया है। उन्होंने लोकतंत्र और संवैधानिक मूल्यों की रक्षा के लिए ममता बनर्जी के संघर्ष को देश के लिए महत्वपूर्ण बताया।

अखिलेश यादव ने उत्तर प्रदेश का जिक्र करते हुए आरोप लगाया कि मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण (SIR) की आड़ में राष्ट्रीय नागरिक रजिस्टर (NRC) को लागू करने की कोशिश की जा रही है, जिससे आम लोगों को परेशान किया जा रहा है। उन्होंने इसे लोकतांत्रिक प्रक्रिया के लिए खतरा बताया।

सपा प्रमुख ने स्पष्ट शब्दों में कहा कि लोकतंत्र को बचाने और बीजेपी की नीतियों के खिलाफ संघर्ष में समाजवादी पार्टी ममता बनर्जी के साथ खड़ी है। उन्होंने इस लड़ाई में पूर्ण समर्थन देने का भरोसा भी जताया।

इस मुलाकात को आगामी राजनीतिक समीकरणों और विपक्षी एकता के लिहाज से अहम माना जा रहा है।

This slideshow requires JavaScript.

Leave a Reply

This slideshow requires JavaScript.