Tuesday, July 21

मथुरा के बालिका संरक्षण गृह से 5 किशोरियां फरार कंबल ओढ़कर गेट से निकलीं लड़कियां, दिल्ली–अलीगढ़ पुलिस अलर्ट

मथुरा।
उत्तर प्रदेश के मथुरा जिले के वृंदावन में स्थित राजकीय बालिका संरक्षण गृह की सुरक्षा व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े हो गए हैं। चैतन्य विहार स्थित इस संरक्षण गृह से सोमवार रात 14 से 17 वर्ष की उम्र की पांच किशोरियां संदिग्ध परिस्थितियों में फरार हो गईं। सीसीटीवी फुटेज में लड़कियां खुद को कंबल से ढककर मुख्य गेट से बाहर निकलती दिखाई दे रही हैं।

घटना की जानकारी मिलते ही प्रशासन और पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया। राहत की बात यह है कि फरार किशोरियों में से दो सुरक्षित अपने घर पहुंच गई हैं, जबकि तीन की तलाश अब भी जारी है।

देर रात हुई घटना

बालिका संरक्षण गृह की सदन प्रभारी गायत्री मिश्रा के अनुसार, सोमवार रात करीब 10:30 से 11 बजे के बीच पांचों किशोरियां परिसर से गायब पाई गईं। फरार लड़कियों में दिव्या (निवासी– चौथाईया, महावन), प्रियंका (निवासी– बाहाद गढ़ी, नौहझील), आरायणा (निवासी– मुल्तानी बादा, पहाड़गंज, दिल्ली) और रूपा (निवासी– पानेठी, अलीगढ़) शामिल हैं। पांचवीं किशोरी की पहचान और घर पहुंच चुकी दो लड़कियों की पुष्टि पुलिस जांच के दायरे में है।

सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल

घटना की सूचना मिलते ही एसएसपी श्लोक कुमार प्रशासनिक अधिकारियों के साथ मौके पर पहुंचे और संरक्षण गृह की सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लिया। अधीक्षिका से घंटों पूछताछ की गई। सीसीटीवी कैमरे और सुरक्षाकर्मियों की तैनाती के बावजूद किशोरियों का फरार होना गंभीर लापरवाही की ओर इशारा करता है।

दिल्ली और अलीगढ़ पुलिस को अलर्ट

पुलिस ने आसपास के इलाकों में नाकाबंदी कर तलाशी अभियान शुरू कर दिया है। संभावित ठिकानों को देखते हुए दिल्ली और अलीगढ़ पुलिस को भी अलर्ट जारी किया गया है।

एसएसपी श्लोक कुमार ने बताया कि दो किशोरियां सुरक्षित अपने घर पहुंच चुकी हैं, जबकि शेष तीन की लोकेशन ट्रेस की जा रही है। मामले में सुरक्षा में हुई चूक की गहन जांच की जा रही है और जिम्मेदारों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।

This slideshow requires JavaScript.

Leave a Reply

This slideshow requires JavaScript.