Tuesday, July 21

नीतीश कुमार की समृद्धि यात्रा LIVE दरभंगा को मिल रहा 138 करोड़ की योजनाओं का तोहफा

दरभंगा: बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार अपनी ‘समृद्धि यात्रा’ के दूसरे चरण के तहत आज मिथिलांचल के केंद्र दरभंगा में मौजूद हैं। इस दौरान मुख्यमंत्री जिले को 138 करोड़ रुपये से अधिक की 90 विकास योजनाओं की सौगात देंगे। यात्रा का उद्देश्य जिले में चल रहे विकास कार्यों का जायजा लेना और नई परियोजनाओं को गति देना है।

मुख्यमंत्री 105 करोड़ की 50 योजनाओं का शिलान्यास और 33 करोड़ की 40 योजनाओं का उद्घाटन करेंगे। दिल्ली मोड़ स्थित हाई-टेक बस स्टैंड से लेकर निर्माणाधीन एयरपोर्ट टर्मिनल तक, मुख्यमंत्री स्वयं विकास कार्यों की गुणवत्ता और समय-सीमा की समीक्षा करेंगे।


11 प्रमुख योजनाओं का मॉडल प्रदर्शन

दिल्ली मोड़ पर 88.78 करोड़ रुपये की लागत से बन रहे बस पड़ाव का मुख्यमंत्री निरीक्षण करेंगे। परिसर में 11 प्रमुख विकास योजनाओं के मॉडलों की प्रदर्शनी भी आयोजित है, जिनका अवलोकन कर नीतीश कुमार प्रगति यात्रा के दौरान की गई घोषणाओं की वर्तमान स्थिति का आकलन करेंगे। इसके अलावा, वे आमस-दरभंगा पथ परियोजना के कैंप कार्यालय पहुंचकर सड़क निर्माण की समीक्षा करेंगे।

मुख्य कार्यक्रम बिंदु:

  • 105 करोड़ की 50 योजनाओं का शिलान्यास

  • 33 करोड़ की 40 योजनाओं का उद्घाटन

  • दिल्ली मोड़ बस स्टैंड (88.78 करोड़) का निरीक्षण

  • 11 प्रमुख योजनाओं के मॉडल का अवलोकन

  • निर्माणाधीन दरभंगा एयरपोर्ट टर्मिनल का निरीक्षण

  • आमस-दरभंगा पथ निर्माण की समीक्षा

  • लॉजिस्टिक पार्क एवं कार्गो हब के लिए चिन्हित भूमि का जायजा

  • नागेंद्र झा स्टेडियम में शिलान्यास, उद्घाटन और जिला स्तरीय समीक्षा बैठक

  • राज मैदान से पटना के लिए प्रस्थान


एयरपोर्ट को जल्द मिलेगी नाइट लैंडिंग सुविधा

मुख्यमंत्री निर्माणाधीन सिविल एनक्लेव और टर्मिनल भवन का स्थल निरीक्षण करेंगे। टर्मिनल का ढांचा अगले एक माह में पूरा होने की उम्मीद है। जिलाधिकारी कौशल कुमार ने बताया कि एयरपोर्ट पर ‘कैट टू’ (CAT II) लाइटिंग का काम युद्धस्तर पर जारी है, जो मार्च 2026 तक पूरा होगा। इसके बाद यात्रियों को बहुप्रतीक्षित नाइट लैंडिंग सुविधा मिलना शुरू हो जाएगी।


लॉजिस्टिक पार्क और नागेंद्र झा स्टेडियम में शिलान्यास

मुख्यमंत्री लॉजिस्टिक पार्क और कार्गो हब के लिए चिन्हित भूमि का निरीक्षण करेंगे। इसके बाद नागेंद्र झा स्टेडियम में विभिन्न योजनाओं का उद्घाटन और शिलान्यास होगा। इसके बाद जनसभा को संबोधित करेंगे और जिला स्तरीय अधिकारियों के साथ समीक्षा बैठक कर विकास कार्यों में तेजी लाने के निर्देश देंगे।

समृद्धि यात्रा से मिथिलांचल के विकास को नई ऊँचाई मिलने की उम्मीद जताई जा रही है।

This slideshow requires JavaScript.

Leave a Reply

This slideshow requires JavaScript.