Tuesday, July 21

उत्तराखंड के 7 जिलों में भारी बारिश और बर्फबारी का अलर्ट, सुरक्षा के लिए प्रशासन सतर्क

उत्तराखंड में मौसम का मिजाज एक बार फिर अचानक बदल गया है। चमोली जिले में बर्फीले तूफान से नीति घाटी के घमशाली और कोसा गांव में कई घरों की छतें उड़ गई हैं। वहीं, मंगलवार दोपहर के बाद शुरू हुई बारिश का दौर बुधवार सुबह तक जारी रहा।

मौसम विभाग ने आज उत्तराखंड के सात जिलों — पौड़ी, रुद्रप्रयाग, टिहरी, उत्तरकाशी, उधम सिंह नगर, पिथौरागढ़ और अल्मोड़ा — में भारी बारिश और बर्फबारी का ऑरेंज अलर्ट जारी किया है। इसी के चलते इन जिलों के जिलाधिकारियों ने स्कूल और आंगनबाड़ी केन्द्रों में अवकाश घोषित किया है।

देहरादून और आसपास के क्षेत्रों में आंशिक बादल और हल्की धूप खिलने की संभावना है। वहीं, निचले इलाकों में 40 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से झोंकेदार हवाएं चल सकती हैं। 2500 मीटर से अधिक ऊंचाई वाले क्षेत्रों में हल्का हिमपात होने की संभावना है।

केदारनाथ में बर्फबारी, सुरक्षा व्यवस्था चाक-चौबंद
केदारनाथ धाम में लगातार दूसरे दिन बारिश और बर्फबारी के चलते 2 फीट तक बर्फ जम गई है और तापमान -15 डिग्री सेल्सियस तक गिर गया। कड़ाके की ठंड के बावजूद आईटीबीपी और पुलिस बल के जवान मंदिर परिसर और आसपास के क्षेत्रों में सुरक्षा में डटे हुए हैं।

तुंगनाथ, मद्महेश्वर और त्रिजुगीनारायण सहित अन्य ऊंचाई वाले क्षेत्रों में भी बर्फबारी जारी रही, जिससे तापमान में 3 से 4 डिग्री सेल्सियस की गिरावट दर्ज की गई।

हिमस्खलन की चेतावनी और सुरक्षा निर्देश
डीजीआरई चंडीगढ़ ने पांच जिलों के उच्च हिमालयी क्षेत्रों में हिमस्खलन की चेतावनी जारी की है। उत्तरकाशी, चमोली और रुद्रप्रयाग को ऑरेंज श्रेणी में रखा गया है, जबकि पिथौरागढ़ को येलो और बागेश्वर को ग्रीन श्रेणी में रखा गया है।

आपदा प्रबंधन सचिव ने जिलाधिकारियों को निर्देश दिए हैं कि वे संवेदनशील क्षेत्रों में निगरानी बनाए रखें, बर्फबारी और हिमस्खलन के दौरान लोगों को समय पर आवश्यक सूचना उपलब्ध कराएं और पुराने हिमस्खलन क्षेत्रों में विशेष सतर्कता बरतें।

प्रशासन ने लोगों और यात्रियों से अपील की है कि वे मौसम की चेतावनियों को गंभीरता से लें और अनावश्यक जोखिम न उठाएं।

This slideshow requires JavaScript.

Leave a Reply

This slideshow requires JavaScript.