Tuesday, July 21

डिप्टी सीएम अजित पवार के विमान हादसे में यूपी की पिंकी माली की भी मौत

जौनपुर/बारामती। महाराष्ट्र के बारामती में बुधवार सुबह हुए दर्दनाक विमान हादसे में पांच लोगों की मौत हो गई, जिनमें उत्तर प्रदेश के जौनपुर की पिंकी माली भी शामिल हैं। पिंकी इस विमान में फ्लाइट अटेंडेंट के तौर पर तैनात थीं और अजित पवार के साथ क्रू मेंबर के रूप में यात्रा कर रही थीं।

पिंकी माली जौनपुर जिले के केराकत तहसील के भैंसा गांव की रहने वाली थीं। उनके पिता शिवकुमार माली राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी के नेता हैं। परिवार के अन्य सदस्य मुंबई में रहते हैं। पिंकी ने अपने दम पर एविएशन सेक्टर में जगह बनाई थी और गांव में होनहार और संघर्षशील लड़की के रूप में जानी जाती थीं।

पिंकी की शादी पिछले वर्ष ही हुई थी। परिवार और गांव के लोग उनके अचानक निधन से स्तब्ध हैं। उनके चचेरे भाई शीतला प्रसाद माली ने बताया कि यह खबर सुनते ही पूरे गांव में मातम पसर गया।

विमान हादसा बुधवार सुबह करीब 9 बजे हुआ, जब अजित पवार का विमान बारामती में लैंडिंग की कोशिश के दौरान संतुलन खो बैठा और जोरदार टक्कर के बाद आग लग गई। घटना में सभी पांच लोगों की मौके पर ही मौत हो गई।

प्रशासनिक अधिकारी और जनप्रतिनिधियों ने पिंकी माली और अन्य मृतकों के निधन पर गहरा दुख व्यक्त किया है।

This slideshow requires JavaScript.

Leave a Reply

This slideshow requires JavaScript.