Tuesday, July 21

खूंटी: आदिवासी नेता सोमा मुंडा हत्याकांड में मुख्य शूटर सहित छह और गिरफ्तार, अब तक 13 आरोपी पकड़े गए

खूंटी: झारखंड के खूंटी जिले में आदिवासी नेता पड़हा राजा सोमा मुंडा हत्याकांड में पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। खूंटी पुलिस ने इस मामले में मुख्य शूटर सहित छह और आरोपियों को गिरफ्तार किया है। इससे अब तक गिरफ्तार आरोपियों की संख्या 13 हो गई है।

गिरफ्तार आरोपियों में दानियल सांगा (44), सुमित दाल सांड (20), मार्कुस सांगा (20), रोशन मिंज (25), संदीप खलखो (35) और संतोष डलसांड (32) शामिल हैं। सभी आरोपियों को न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया।

पुलिस अधीक्षक प्रवीण टोप्पो ने बताया कि यह हत्या जमीन कारोबार से जुड़े लंबे समय से चले आ रहे विवाद और सुनियोजित साजिश का परिणाम थी। जांच में सामने आया कि आरोपी छोटानागपुर टेनेंसी एक्ट (CNT) के प्रतिबंधित और गैरमजरुआ जमीन के खरीद-बिक्री के कारोबार से जुड़े थे और इसी लेन-देन को लेकर सोमा मुंडा से उनका विवाद चल रहा था।

जांच के दौरान एसआईटी ने तकनीकी साक्ष्य, मोबाइल कॉल रिकॉर्ड और गुप्त सूचना के आधार पर लगातार छापेमारी की। गिरफ्तारी के समय हत्या में प्रयुक्त देसी पिस्टल, चार जिंदा कारतूस, दो मोटरसाइकिल समेत अन्य सामान बरामद किया गया।

सोमा मुंडा की हत्या 7 जनवरी को हुई थी। वे अपनी पत्नी के साथ मोटरसाइकिल से खूंटी जा रहे थे, जब जमुवादाग तालाब के पास अपराधियों ने घात लगाया और देसी पिस्टल से गोली मारकर हत्या कर दी। इस घटना के विरोध में 17 जनवरी को आदिवासी संगठनों के आह्वान पर झारखंड बंद भी किया गया था, जिसका कई जिलों में व्यापक असर देखा गया।

 

This slideshow requires JavaScript.

Leave a Reply

This slideshow requires JavaScript.