Tuesday, July 21

शामली: श्मशान घाट से अस्थियां चोरी, ग्रामीणों का जबरदस्त हंगामा, दो महिलाएं गिरफ्तार

शामली (कैराना) कैराना क्षेत्र के झाड़खेड गांव स्थित श्मशान घाट से चिता की अस्थियां चोरी होने की सनसनीखेज घटना सामने आई है। इस घटना से गांव में भारी आक्रोश फैल गया। ग्रामीणों के हंगामे के बाद पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए दो महिलाओं को गिरफ्तार कर उनके कब्जे से चिता के अवशेष बरामद कर लिए हैं। महिलाओं पर तांत्रिक क्रियाओं के लिए अस्थियां ले जाने का संदेह जताया जा रहा है।

जानकारी के अनुसार, गांव निवासी बुजुर्ग मिथन सिंह का निधन 29 जनवरी को हुआ था। उसी दिन धार्मिक रीति-रिवाजों के साथ उनका अंतिम संस्कार गांव के श्मशान घाट में किया गया। अगले दिन 30 जनवरी को उनके पुत्र गोपाल परिजनों और कुछ ग्रामीणों के साथ अस्थि-संग्रह के लिए श्मशान घाट पहुंचे।

चिता के अवशेष बिखरे मिले, कुछ अस्थियां गायब

श्मशान घाट पहुंचते ही परिजन और ग्रामीण उस समय स्तब्ध रह गए, जब उन्होंने देखा कि चिता के अवशेष बिखरे पड़े थे और कई अस्थियां गायब थीं। इस अपवित्र हरकत की सूचना मिलते ही गांव में हड़कंप मच गया। देखते ही देखते बड़ी संख्या में ग्रामीण श्मशान घाट पर एकत्र हो गए और आक्रोश जताते हुए हंगामा शुरू कर दिया।

महिलाओं पर तांत्रिक क्रियाओं का संदेह

ग्रामीणों का आरोप है कि 29 जनवरी की सुबह करीब 11 बजे गांव निवासी शब्बीर की पत्नी कुछ अन्य महिलाओं के साथ श्मशान घाट पर आई थी। आरोप है कि उन्होंने चिता की अस्थियां उठाकर अपने साथ ले लीं। घटना के पीछे तांत्रिक क्रियाओं की आशंका जताई जा रही है, जिससे मामला और भी संवेदनशील हो गया।

पुलिस ने बरामद की अस्थियां, जांच जारी

सूचना मिलने पर कैराना कोतवाली पुलिस मौके पर पहुंची और हालात को नियंत्रित किया। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू की और दो महिलाओं को हिरासत में लिया। पूछताछ के दौरान उनकी निशानदेही पर चोरी की गई चिता की अस्थियां बरामद कर ली गईं।

पुलिस अधीक्षक एनपी सिंह ने बताया कि दोनों महिलाओं को गिरफ्तार कर पूछताछ की जा रही है। यह पता लगाया जा रहा है कि वे इस तरह की घटनाओं को कब से अंजाम दे रही थीं और इसके पीछे उनका उद्देश्य क्या था।

घटना के बाद गांव में तनाव का माहौल बना हुआ है, हालांकि पुलिस स्थिति पर नजर बनाए हुए है।

 

This slideshow requires JavaScript.

Leave a Reply

This slideshow requires JavaScript.