Tuesday, July 21

गोवा–दिल्ली फ्लाइट में हंगामा: केबिन क्रू को कहा ‘गुंडा’, धक्का देने का आरोप, डेढ़ घंटे लेट हुई उड़ान

देश में विमान यात्रा के दौरान अनुशासनहीनता का एक और मामला सामने आया है। गोवा से दिल्ली आ रही अकासा एयर की फ्लाइट में दो यात्रियों पर केबिन क्रू मेंबरों के साथ बदसलूकी और धक्का-मुक्की करने का आरोप लगा है। इस घटना के चलते फ्लाइट करीब डेढ़ घंटे की देरी से रवाना हुई, जिसके बाद दोनों यात्रियों को विमान से उतार दिया गया।

टेकऑफ से पहले हुआ विवाद

जानकारी के मुताबिक यह घटना शुक्रवार को अकासा एयर की फ्लाइट QP1358 में हुई। टेकऑफ से पहले केबिन क्रू यात्रियों को ओवरहेड कंपार्टमेंट में सामान रखने में मदद कर रहे थे। इसी दौरान केबिन क्रू मेंबर अभिनव अन्य यात्रियों की सहायता कर रहे थे, तभी अनूप भार्गव और चंदन मिश्रा नामक दो यात्रियों ने अपने बैग को छुए जाने पर आपत्ति जताई और क्रू मेंबर से बहस शुरू कर दी।

गाली-गलौज और धक्का देने का आरोप

कहासुनी बढ़ने पर यात्री अनूप भार्गव कथित तौर पर आक्रामक हो गया। आरोप है कि उसने केबिन क्रू मेंबर को गालियां दीं और कहा, “क्या तुम गुंडे जैसा बर्ताव कर रहे हो? मेरे बैग को कैसे छुआ?” इसके बाद यात्री ने कथित तौर पर क्रू मेंबर को धक्का भी दिया।
हालात बिगड़ते देख केबिन क्रू मेंबर ने माफी मांगकर मामला शांत करने की कोशिश की, लेकिन दोनों यात्रियों ने बदसलूकी जारी रखी।

विमान से उतारने पर भी किया इनकार

अकासा एयर के क्रू ने ऑनबोर्ड सुरक्षा और अनुशासन को देखते हुए दोनों यात्रियों को विमान से उतारने का फैसला किया। हालांकि, आरोप है कि यात्रियों ने पहले विमान से उतरने से इनकार कर दिया। बाद में अन्य यात्रियों के हस्तक्षेप और काफी मशक्कत के बाद करीब डेढ़ घंटे बाद दोनों को नीचे उतारा गया।

सुरक्षा के सवाल फिर खड़े

इस घटना के बाद फ्लाइट गोवा से दिल्ली के लिए रवाना हो सकी। लगातार सामने आ रहे ऐसे मामलों ने विमान यात्राओं में केबिन क्रू की सुरक्षा और यात्रियों के व्यवहार को लेकर एक बार फिर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। एयरलाइंस का कहना है कि उड़ान की सुरक्षा सर्वोपरि है और किसी भी तरह की अनुशासनहीनता को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।

 

This slideshow requires JavaScript.

Leave a Reply

This slideshow requires JavaScript.