Tuesday, July 21

उत्तर प्रदेश में बदला मौसम का मिज़ाज, बारिश व ओलावृष्टि की चेतावनी 4 फरवरी तक प्रदेश के कई हिस्सों में बरसात के आसार

लखनऊ, 2 फरवरी।
उत्तर प्रदेश में मौसम ने एक बार फिर करवट ले ली है। मौसम विभाग ने प्रदेश के कई जिलों में आज बारिश, ओलावृष्टि और आकाशीय बिजली गिरने की चेतावनी जारी की है। कुछ क्षेत्रों में घना कोहरा छाए रहने की भी संभावना जताई गई है। पहाड़ी इलाकों में लगातार हो रही बर्फबारी और उत्तर-पश्चिमी शुष्क हवाओं के चलते प्रदेश में ठंड बढ़ गई है, जिससे तापमान में और गिरावट आने के संकेत हैं।

सोमवार सुबह राजधानी लखनऊ और आसपास के क्षेत्रों में हल्का से मध्यम कोहरा देखा गया। मौसम वैज्ञानिकों के अनुसार दिन में आंशिक बादल छाए रहेंगे, जबकि शाम या रात के समय शहर के कुछ हिस्सों में हल्की बारिश या बूंदाबांदी हो सकती है।

पश्चिमी विक्षोभ बना बारिश की वजह

अमौसी स्थित मौसम विज्ञान केंद्र के वरिष्ठ वैज्ञानिक अतुल कुमार सिंह के अनुसार, उत्तरी पाकिस्तान के ऊपर मध्य क्षोभमंडल में सक्रिय पश्चिमी विक्षोभ के प्रभाव से पश्चिमी उत्तर प्रदेश में बारिश की शुरुआत हुई है। इसका असर सोमवार सुबह तक मध्य और पूर्वी उत्तर प्रदेश के कई जिलों में देखने को मिल सकता है। साथ ही, आने वाले दिनों में दो और पश्चिमी विक्षोभ सक्रिय होने की संभावना है, जिसके चलते 4 फरवरी तक प्रदेश में बारिश का सिलसिला जारी रह सकता है

लखनऊ रहा प्रदेश का सबसे गर्म शहर

रविवार को प्रदेश के पश्चिमी और मध्यवर्ती हिस्सों में दिन के तापमान में बढ़ोतरी दर्ज की गई। राजधानी लखनऊ 24.1 डिग्री सेल्सियस के अधिकतम तापमान के साथ प्रदेश का सबसे गर्म शहर रहा। हालांकि, आगामी 48 घंटों में न्यूनतम तापमान में 3 से 6 डिग्री सेल्सियस तक बढ़ोतरी की संभावना जताई गई है। बारिश का दौर थमने के बाद 4 फरवरी से तापमान में फिर हल्की गिरावट आ सकती है।

फरवरी में अपेक्षाकृत गर्म रह सकती हैं रातें

मौसम विभाग के अनुसार प्रशांत महासागर में बनी ला-नीना स्थिति धीरे-धीरे कमजोर पड़ रही है और फरवरी-मार्च-अप्रैल के दौरान इसके तटस्थ अवस्था में आने की संभावना है। इसके चलते फरवरी माह में प्रदेश के अधिकांश हिस्सों में रात का तापमान सामान्य से थोड़ा अधिक रह सकता है। परिणामस्वरूप, शीत लहर के दिन सामान्य से 1 से 3 दिन कम रहने की संभावना है, जबकि बारिश औसत से कम हो सकती है।

 

This slideshow requires JavaScript.

Leave a Reply

This slideshow requires JavaScript.