Tuesday, July 21

बदायूं में घर के भीतर प्रकट हुआ कोबरा, महिला ने नागराज से ‘बात करने’ का किया दावा गांव में मचा हड़कंप, घंटों एक ही जगह कुंडली मारे बैठा रहा सांप

बदायूं। उत्तर प्रदेश के बदायूं जिले के बिल्सी तहसील क्षेत्र अंतर्गत ग्राम सहसपुर से एक हैरान कर देने वाला मामला सामने आया है। यहां एक महिला के घर में कोबरा सांप निकलने से पूरे गांव में अफरा-तफरी मच गई। ग्रामीणों का दावा है कि सांप कई घंटों तक एक ही स्थान पर फन उठाए बैठा रहा और महिला से इशारों में बातचीत करता रहा।

जानकारी के अनुसार, ग्राम सहसपुर निवासी गुड़िया पत्नी अलीसेन के कच्चे मकान में रविवार सुबह करीब 11 बजे अचानक एक कोबरा सांप दिखाई दिया। सांप घर के एक कमरे के कोने में फन फैलाकर बैठ गया और काफी देर तक वहीं कुंडली मारे रहा। घटना की जानकारी मिलते ही गांव में आग की तरह खबर फैल गई और बड़ी संख्या में ग्रामीण मौके पर जमा हो गए।

घंटों तक नहीं हिला सांप, जुटती रही भीड़

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, ग्रामीणों की आवाजाही और शोरगुल के बावजूद कोबरा अपनी जगह से टस से मस नहीं हुआ। रविवार देर शाम तक सांप उसी स्थान पर मौजूद रहा। इस दौरान कुछ लोगों ने आस्था के चलते सांप के पास दूध और रुपये चढ़ाने की भी कोशिश की।

महिला का अजब दावा, चर्चा का विषय बना मामला

ग्रामीणों की मौजूदगी में गुड़िया ने दावा किया कि कोबरा सांप उससे इशारों में बातचीत कर रहा है। उसका कहना है कि जब वह सांप के पास पहुंची तो उसने फन हिलाकर प्रतिक्रिया दी। गुड़िया के अनुसार, उसके कहने पर सांप शांत हो गया और दूध पिलाने की बात पर उसने इशारों में मना कर दिया।

गांव के निवासी रामसेवक ने भी बताया कि सांप घंटों तक एक ही स्थान पर बैठा रहा और किसी को नुकसान नहीं पहुंचाया। उनका कहना है कि भीड़ और हलचल के बावजूद सांप का शांत रहना सभी के लिए आश्चर्य का विषय रहा।

अंधविश्वास या संयोग, गांव में बहस तेज

इस घटनाक्रम को लेकर गांव में तरह-तरह की चर्चाएं होती रहीं। कोई इसे अंधविश्वास बता रहा है तो कोई आस्था और चमत्कार से जोड़कर देख रहा है। देर शाम तक यह मामला गांव और आसपास के इलाकों में चर्चा का केंद्र बना रहा और लोग इसे किसी फिल्मी कहानी की तरह बता रहे हैं।

फिलहाल प्रशासन या वन विभाग की ओर से इस मामले में कोई आधिकारिक बयान सामने नहीं आया है।

 

This slideshow requires JavaScript.

Leave a Reply

This slideshow requires JavaScript.