Tuesday, July 21

बगहा में सनसनी: घर के आंगन से संदिग्ध विस्फोटक बरामद, इलाके में दहशत

बिहार के पश्चिम चंपारण जिले में उस वक्त हड़कंप मच गया, जब बगहा अनुमंडल के चौतरवा थाना क्षेत्र अंतर्गत वृति टोला गांव में एक मकान के आंगन से संदिग्ध विस्फोटक सामग्री बरामद की गई। विस्फोटक मिलने की सूचना फैलते ही पूरे इलाके में दहशत का माहौल बन गया।

प्राप्त जानकारी के अनुसार, वृति टोला निवासी नीरज राव के घर के आंगन में अज्ञात बदमाशों द्वारा कथित तौर पर विस्फोटक सामग्री फेंक दी गई थी। घटना की सूचना मिलते ही बगहा के पुलिस अधीक्षक रामानंद कौशल और एसडीपीओ कुमार देवेंद्र के नेतृत्व में भारी पुलिस बल मौके पर पहुंचा। किसी भी अप्रिय घटना से निपटने के लिए पुलिस ने तत्काल पूरे क्षेत्र की घेराबंदी कर दी।

खनन में प्रयुक्त विस्फोटक होने की आशंका

पुलिस ने मौके से ट्यूब के आकार की तीन संदिग्ध वस्तुएं बरामद की हैं। सुरक्षा के मद्देनज़र इन्हें पास स्थित एक निजी विद्यालय के परिसर में सुरक्षित स्थान पर स्थानांतरित किया गया। एसपी रामानंद कौशल ने बताया कि प्रारंभिक जांच में जब्त सामग्री खनन कार्यों में उपयोग होने वाले विस्फोटक जैसी प्रतीत हो रही है, हालांकि इसकी वास्तविक प्रकृति और क्षमता की पुष्टि तकनीकी जांच रिपोर्ट आने के बाद ही हो सकेगी।

बम निरोधक दस्ता जांच में जुटा

बरामद सामग्री में क्लास-2 विस्फोटक के तीन टुकड़े, दो सिल्वर रंग के डेटोनेटर तथा एक इलेक्ट्रिक मल्टीमीटर जैसा उपकरण शामिल बताया जा रहा है। विस्फोटक को निष्क्रिय करने और गहन जांच के लिए बम निरोधक दस्ते को तैनात कर दिया गया है।

इस मामले में पुलिस ने अज्ञात व्यक्तियों के विरुद्ध प्राथमिकी दर्ज कर ली है। दोषियों की पहचान और गिरफ्तारी के लिए संभावित ठिकानों पर छापेमारी की जा रही है। अधिकारियों का कहना है कि तकनीकी रिपोर्ट प्राप्त होने के बाद आगे की कानूनी कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी।

 

This slideshow requires JavaScript.

Leave a Reply

This slideshow requires JavaScript.