Tuesday, July 21

12 साल के सौतेले बेटे की हत्या करने वाला पिता गिरफ्तार, पिता ने अपने ही बच्चे को क्यों उतारा मौत के घाट?

नई दिल्ली: राजधानी दिल्ली के शास्त्री पार्क से एक दिल दहला देने वाला मामला सामने आया है। यहां एक पिता ने अपने ही 12 साल के सौतेले बेटे अल्तमश की हत्या कर दी। आरोपी पिता 36 वर्षीय वाजिद खान को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है।

पुलिस के अनुसार, पूछताछ में वाजिद ने बताया कि उसके और उसकी दूसरी पत्नी के बीच रिश्ते ठीक नहीं थे। इसी नाराज़गी के चलते उसने अल्तमश को झाड़ियों में ले जाकर नुकीले हथियार से मार डाला। फिलहाल पुलिस उससे और पूछताछ कर आगे की कानूनी कार्रवाई कर रही है।

मृतक का अस्पताल में निधन
नॉर्थ ईस्ट जिला के डीसीपी आशीष मिश्रा ने बताया कि शुक्रवार सुबह लगभग 9:50 बजे शास्त्री पार्क पुलिस को एक लड़के की हत्या की सूचना मिली। सूचना के बाद पुलिस तुरंत घटनास्थल, शास्त्री पार्क चौक लूप, पर पहुंची। वहां अल्तमश बेहोश पड़ा मिला। उसे तुरंत जेपीसी अस्पताल ले जाया गया, लेकिन डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।

परिवार की पृष्ठभूमि
शास्त्री पार्क पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। SHO मनजीत तोमर के नेतृत्व में टीम बनाई गई है। परिवार से पूछताछ के दौरान पता चला कि अल्तमश के पहले पिता की 2019 में मौत हो गई थी। इसके कुछ महीनों बाद उसकी मां मुमताज ने वाजिद खान से दूसरी शादी कर ली थी।

शास्त्री पार्क क्षेत्र से यह कोई पहला सनसनीखेज मामला नहीं है। पिछले कुछ वर्षों में इस इलाके से कई ऐसे मामले सामने आ चुके हैं जिन्होंने राजधानी में हलचल मचा दी थी।

पुलिस की कार्रवाई जारी
पुलिस का कहना है कि वाजिद खान को गिरफ्तार कर उससे पूरी पूछताछ की जा रही है। जांच के बाद ही स्पष्ट होगा कि इस हृदयविदारक घटना के पीछे और क्या वजहें थीं।

 

This slideshow requires JavaScript.

Leave a Reply

This slideshow requires JavaScript.