Tuesday, July 21

अजित पवार के निधन के बाद देवेंद्र फडणवीस ने चुनाव प्रचार से बनाई दूरी, सभी सभाएं रद्द

 

 

मुंबई, 2 फरवरी। महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस ने पूर्व उपमुख्यमंत्री अजित पवार के विमान दुर्घटना में निधन के मद्देनज़र आगामी जिला परिषद और पंचायत समिति चुनावों में प्रचार नहीं करने का निर्णय लिया है। उन्होंने स्पष्ट किया कि वह किसी भी चुनावी सभा या कार्यक्रम में हिस्सा नहीं लेंगे। फडणवीस ने स्थानीय नेताओं और पार्टी पदाधिकारियों को सात फरवरी को होने वाले चुनावों के लिए प्रचार अभियान जारी रखने का निर्देश दिया है।

 

मुख्यमंत्री ने कहा कि चुनावी सभाओं में राजनीतिक बयान देना स्वाभाविक होता है, लेकिन वर्तमान परिस्थितियों को देखते हुए उन्होंने प्रचार से दूर रहने का फैसला किया है। पार्टी नेतृत्व ने उनके रुख को समझते हुए सहमति जताई है।

 

राज्य की 12 जिला परिषदों और 125 पंचायत समितियों के लिए मतदान अब 7 फरवरी को होगा। पहले फडणवीस को सात दिनों में 22 चुनावी सभाओं को संबोधित करना था। अजित पवार के निधन के बाद घोषित तीन दिवसीय राजकीय शोक को ध्यान में रखते हुए राज्य निर्वाचन आयोग ने चुनाव कार्यक्रम में संशोधन किया है। संशोधित कार्यक्रम के अनुसार मतगणना 9 फरवरी को कराई जाएगी।

 

20 हजार से अधिक उम्मीदवार मैदान में

 

राज्य निर्वाचन आयोग के आंकड़ों के अनुसार जिला परिषद और पंचायत समिति चुनावों के लिए कुल 20,718 उम्मीदवारों ने नामांकन दाखिल किया है। इनमें 731 जिला परिषद सीटों के लिए 7,695 प्रत्याशी तथा 1,462 पंचायत समिति सीटों के लिए 13,023 उम्मीदवार मैदान में हैं। मतदान के दिन राज्य भर में 25,482 मतदान केंद्रों पर सुबह 7:30 बजे से शाम 5:30 बजे तक मतदान होगा।

 

This slideshow requires JavaScript.

Leave a Reply

This slideshow requires JavaScript.