Tuesday, July 21

सर्गेई ब्रिन ने दिया अब तक का सबसे बड़ा दान, अंबानी-अडानी की संयुक्त संपत्ति से भी ज्यादा हैं मालिक

नई दिल्ली: गूगल के को-फाउंडर और दुनिया के शीर्ष अरबपतियों में शामिल सर्गेई ब्रिन ने अब तक का सबसे बड़ा पब्लिक डोनेशन किया है। मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार, उन्होंने नए कोएलिशन “Building a Better California” को 20 मिलियन डॉलर (करीब 1,83,61,96,000 रुपये) का दान दिया है। इस पहल का उद्देश्य कैलिफोर्निया में सस्ते आवास की समस्या का समाधान करना है।

ब्रिन के अलावा सिलिकॉन वैली के कई अन्य टेक लीडर्स ने भी इस मुहिम में योगदान दिया। कुल मिलाकर इस पहल में 35 मिलियन डॉलर का दान शामिल हुआ। डोनेशन करने वालों में गूगल के पूर्व सीईओ एरिक श्मिट, वेंचर कैपिटलिस्ट माइकल मोरिट्ज, पेपाल के सीईओ मैक्स लेवचिन, स्ट्राइप के पैट्रिक कोलिसन, DoorDash के टॉनी शू और Kleiner Perkins के जॉन डूर शामिल हैं। श्मिट और मोरिट्ज ने 2-2 मिलियन डॉलर का दान दिया, जबकि लेवचिन का योगदान 1 मिलियन डॉलर रहा।

यह डोनेशन ऐसे समय में किया गया है जब कैलिफोर्निया सरकार अमीरों पर 1 फीसदी वेल्थ टैक्स लगाने की योजना बना रही है। ब्रिन ने पिछले साल 1.1 अरब डॉलर के शेयर भी दान किए थे। इसके अलावा उन्होंने Catalyst4 को करीब 1 अरब डॉलर के शेयर ट्रांसफर किए, माइकल जे फॉक्स फाउंडेशन को 45 मिलियन डॉलर और अपने परिवार के फाउंडेशन को 90 मिलियन डॉलर का योगदान दिया। मई में उन्होंने 700 मिलियन डॉलर का भी दान किया।

ब्रिन की संपत्ति लगातार बढ़ रही है। गूगल की पेरेंट कंपनी अल्फाबेट में उनकी 6 फीसदी हिस्सेदारी है। पिछले साल उनके शेयरों में तेजी के कारण उनकी नेटवर्थ में 97.3 अरब डॉलर की बढ़ोतरी हुई। ब्लूमबर्ग बिलिनेयर इंडेक्स के अनुसार, उनकी कुल संपत्ति अब 269 अरब डॉलर तक पहुंच गई है, जिससे वे दुनिया के तीसरे सबसे अमीर व्यक्ति बन गए हैं। उनके आगे केवल एलन मस्क (676 अरब डॉलर) और लैरी पेज (289 अरब डॉलर) हैं। दिलचस्प है कि ब्रिन की नेटवर्थ मुकेश अंबानी और गौतम अडानी की संयुक्त संपत्ति से भी अधिक है।

सर्गेई ब्रिन की यह दान पहल न केवल उनकी उदारता को दर्शाती है, बल्कि दुनिया के सबसे अमीर लोगों द्वारा सामाजिक जिम्मेदारी निभाने की दिशा में एक मजबूत कदम भी साबित होती है।

This slideshow requires JavaScript.

Leave a Reply

This slideshow requires JavaScript.