Tuesday, July 21

सोनभद्र टोल प्लाजा मारपीट कांड: पुलिस ने दो आरोपियों को किया गिरफ्तार, अधिवक्ता और परिजन हुए घायल

सोनभद्र: लोढ़ी टोल प्लाजा पर महिला अधिवक्ता और उनके परिजनों के साथ हुई मारपीट के मामले में पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए दो नामजद आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान रामजी तिवारी, निवासी हमीरपुर और सर्वेश यादव, निवासी अंबेडकरनगर के रूप में हुई है।

जानकारी के अनुसार, यह घटना रविवार दोपहर लगभग तीन बजे हुई, जब अधिवक्ता आरती पाण्डेय अपने परिजनों के साथ ओबरा से रॉबर्ट्सगंज की ओर कार से जा रही थीं। तकनीकी कारणों से आगे की गाड़ी का मैसेज नहीं मिलने के कारण उनकी कार लेन संख्या तीन में फंस गई और कुछ देर के लिए यातायात बाधित हो गया। इस दौरान टोल कर्मियों और वाहन सवारों के बीच कहासुनी शुरू हुई, जो देखते ही देखते विवाद और मारपीट में बदल गई।

आरोप है कि टोल कर्मियों ने गाली-गलौज और लाठी-डंडों से अधिवक्ता के परिजनों पर हमला किया। बीच-बचाव करने पर अधिवक्ता आरती पाण्डेय के साथ भी अभद्रता की गई और जान से मारने की धमकी दी गई। इस घटना में कई लोग घायल हुए, जिन्हें जिला मेडिकल कॉलेज में भर्ती कराया गया, जहां एक घायल की स्थिति गंभीर बताई जा रही है।

घटना का वीडियो राहगीरों द्वारा बनाया गया था, जो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो गया। वीडियो सामने आने के बाद अधिवक्ता समुदाय में आक्रोश फैल गया और दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की गई।

पीड़िता की तहरीर पर थाना रॉबर्ट्सगंज पुलिस ने मुकदमा दर्ज किया और मामले की जांच शुरू कर दी। पुलिस ने बताया कि अन्य 7 से 8 टोल कर्मियों की पहचान की जा रही है और जल्द ही उनकी गिरफ्तारी कर विधिक कार्रवाई पूरी की जाएगी।

This slideshow requires JavaScript.

Leave a Reply

This slideshow requires JavaScript.