Tuesday, July 21

हादसे के 16 दिन बाद लंदन से नोएडा पहुंची युवराज की बहन, घटनास्थल देखकर हुईं भावुक

नोएडा। सेक्टर-150 के पास पानी से भरे बेसमेंट गड्ढे में डूबने से हुई युवराज की मौत के 16 दिन बाद उनकी बहन ब्रिटेन से नोएडा पहुंचीं। रविवार देर रात दिल्ली पहुंचने के बाद वह सीधे अपने पिता के पास आईं। देर रात और सोमवार सुबह उन्होंने पिता के साथ घटनास्थल का भी दौरा किया।

जहां युवराज की कार गिरी थी, उस स्थान को देखकर वह भावुक हो गईं और उनकी आंखों से आंसू छलक पड़े। उन्होंने हादसे के समय की परिस्थितियों के बारे में अपने पिता से विस्तार से जानकारी ली। साथ ही यह भी जाना कि उस स्थान पर सुरक्षा के क्या इंतजाम थे और बचाव में किन चुनौतियों का सामना करना पड़ा।

एसआईटी रिपोर्ट के बाद लौटेंगी विदेश

यूरेका पार्क सोसाइटी की सुरक्षा एजेंसी के सुपरवाइजर के अनुसार, रविवार देर रात युवराज की बहन सोसाइटी पहुंची थीं। सूत्रों के मुताबिक उन्होंने विशेष जांच टीम (एसआईटी) को दिए गए पिता के बयान की भी जानकारी ली। बताया जा रहा है कि वह पुलिस प्रशासन के वरिष्ठ अधिकारियों से भी मुलाकात कर सकती हैं। एसआईटी की रिपोर्ट पर कार्रवाई के बाद ही उनकी ब्रिटेन वापसी की संभावना है।

ऐसे हुआ था हादसा

17 जनवरी 2026 की रात करीब 12:30 बजे युवराज की कार सेक्टर-150 के पास पानी से भरे बेसमेंट गड्ढे में गिर गई थी। बताया जाता है कि युवराज ने कार की छत पर चढ़कर काफी देर तक मदद की गुहार लगाई, लेकिन तमाम प्रयासों के बावजूद उन्हें बचाया नहीं जा सका।

घटनास्थल पर अब भी उमड़ रही भीड़

हादसे के बाद भी घटनास्थल पर लोगों का आना-जाना जारी है। स्थानीय निवासियों के अलावा दूर-दराज से भी लोग बेसमेंट को देखने पहुंच रहे हैं। हैरानी की बात यह है कि कुछ लोग मौके पर तस्वीरें और सेल्फी लेते भी नजर आ रहे हैं, जिसे लेकर संवेदनशीलता पर सवाल उठ रहे हैं।

This slideshow requires JavaScript.

Leave a Reply

This slideshow requires JavaScript.