Tuesday, July 21

11 साल के बच्चे की सूझबूझ से टला अपहरण, बदमाशों के चंगुल से छूटकर घर पहुंचा

लखनऊ: कृष्णानगर क्षेत्र के पंडित खेड़ा द्वारिकापुरी कॉलोनी में 11 वर्षीय बच्चे के अपहरण की कोशिश का मामला सामने आया है। बच्चे ने सूझबूझ और साहस का परिचय देते हुए खुद को बदमाशों के चंगुल से छुड़ा लिया और सुरक्षित घर पहुंच गया। परिवार की सूचना पर पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है।

जानकारी के अनुसार वीरेंद्र शर्मा अपने परिवार के साथ द्वारिकापुरी कॉलोनी में रहते हैं। उनका बेटा ईवान (11) मानकनगर स्थित केंद्रीय विद्यालय का छात्र है। रविवार शाम करीब 6:30 बजे वह घर के पास स्थित दुकान से सामान लेकर लौट रहा था। इसी दौरान सुनसान जगह पर काली बाइक सवार नकाबपोश दो युवक उसके पास पहुंचे और घर छोड़ने का झांसा दिया। ईवान के मना करने पर एक बदमाश ने उसे पकड़ लिया और उसके मुंह पर कथित रूप से नशीली दवा लगा रूमाल रखने की कोशिश की।

बच्चे ने खतरा भांपते हुए सांस रोक ली और बदमाश का हाथ झटक दिया। पकड़ ढीली न पड़ने पर उसने हमलावर के हाथ पर दांत से काट लिया। मौका मिलते ही वह बदमाशों से छूटकर भाग निकला और सीधे घर पहुंच गया।

घबराए बच्चे ने मां को पूरी घटना बताई, जिसके बाद परिवार ने पुलिस को सूचना दी। परिजनों का आरोप है कि पुलिस करीब डेढ़ घंटे बाद मौके पर पहुंची। ईवान की मां नीतू शर्मा ने बताया कि परिवार इस घटना से सहमा हुआ है और दोबारा ऐसी कोशिश की आशंका से डरा हुआ है। बच्चे ने यह भी बताया कि बदमाशों ने बाइक की नंबर प्लेट ढकी हुई थी।

कृष्णानगर पुलिस का कहना है कि तहरीर के आधार पर मामले की जांच की जा रही है और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है।

This slideshow requires JavaScript.

Leave a Reply

This slideshow requires JavaScript.