Tuesday, July 21

सिंहस्थ 2028: उज्जैन में बाबा महाकाल की नगरी में बनेगी भव्य टेंट सिटी

भोपाल/उज्जैन: मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री मोहन यादव ने गुजरात के कच्छ में आयोजित रण उत्सव का दौरा कर उसकी भव्यता और व्यवस्थाओं का जायजा लिया। इस दौरान उन्होंने ऐलान किया कि सिंहस्थ कुंभ 2028 के अवसर पर उज्जैन में भी इसी तर्ज पर एक विश्वस्तरीय टेंट सिटी विकसित की जाएगी।

मुख्यमंत्री यादव ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में शुरू हुए रण उत्सव ने भारत की सांस्कृतिक पहचान और पर्यटन क्षमता को वैश्विक स्तर पर प्रस्तुत किया। उन्होंने बताया कि जो इलाके पहले बंजर थे, वह अब किसानों की भागीदारी से पर्यटन, आजीविका और विकास का मॉडल बन गए हैं। गुजरात के लोक कलाकारों द्वारा प्रस्तुत सांस्कृतिक कार्यक्रम इस उत्सव की खास पहचान हैं।

सिंहस्थ में तैयार होगी टेंट सिटी
मुख्यमंत्री ने बताया कि 2028 में उज्जैन में आयोजित होने वाले सिंहस्थ कुंभ के दौरान रण उत्सव की तर्ज पर टेंट सिटी बनाई जाएगी। इस परियोजना से स्थानीय लोगों को रोजगार मिलेगा और किसानों को भी आर्थिक लाभ होगा। इसके अलावा, मध्य प्रदेश के अन्य प्रमुख पर्यटन स्थलों पर भी ऐसे मॉडल विकसित करने की योजना है।

मुख्यमंत्री यादव ने भुज में बनाए गए ‘स्मृति वन’ का भी उल्लेख किया, जिसे भूकंप पीड़ितों की यादों को संजोने के लिए विकसित किया गया था। उन्होंने इसे करुणा और सामूहिक संकल्प का प्रतीक बताया।

This slideshow requires JavaScript.

Leave a Reply

This slideshow requires JavaScript.