Tuesday, July 21

दिल्ली वालों को बड़ा तोहफा: होली और दिवाली पर मिलेगा मुफ्त एलपीजी सिलेंडर, कैबिनेट ने मंजूर किए 242 करोड़

नई दिल्ली। दिल्ली सरकार ने राजधानी के लाखों परिवारों को बड़ी राहत देते हुए होली और दिवाली पर मुफ्त एलपीजी सिलेंडर देने का फैसला किया है। मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने मंगलवार को इस योजना की घोषणा करते हुए बताया कि दिल्ली कैबिनेट ने इसके लिए 242 करोड़ रुपये का बजट स्वीकृत कर दिया है।

इस योजना के तहत राशन कार्ड धारक परिवारों को होली और दिवाली के अवसर पर एक-एक मुफ्त गैस सिलेंडर उपलब्ध कराया जाएगा। सरकार सिलेंडर की कीमत के रूप में लाभार्थियों के खाते में 853 रुपये डीबीटी (Direct Benefit Transfer) के जरिए ट्रांसफर करेगी।

मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने दी बधाई

मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने कहा कि यह योजना सरकार के चुनावी संकल्प पत्र में किए गए वादे का हिस्सा थी। उन्होंने कहा,
“दिल्ली की मेरी बहनों और परिवारों को मैं बधाई देना चाहती हूं। हमने संकल्प पत्र में जो वादा किया था कि होली और दिवाली पर निशुल्क एलपीजी सिलेंडर दिया जाएगा, आज कैबिनेट ने उस योजना को मंजूरी दे दी है।”

उन्होंने यह भी बताया कि इस होली के अवसर पर राशन कार्ड धारक परिवारों को एक सिलेंडर की राशि उनके खाते में भेजी जाएगी।

पीएनजी उपभोक्ताओं को भी मिलेगा लाभ

सरकार के इस फैसले का लाभ केवल सिलेंडर उपयोगकर्ताओं तक सीमित नहीं रहेगा। मुख्यमंत्री ने स्पष्ट किया कि पाइपलाइन गैस (PNG) का उपयोग करने वाले उपभोक्ताओं को भी समान रूप से लाभ दिया जाएगा। ऐसे उपभोक्ताओं के खातों में भी 853 रुपये की राशि ट्रांसफर की जाएगी।

सरकार ने दोहराया संकल्प

मुख्यमंत्री ने कहा कि भाजपा सरकार दिल्लीवासियों से किए गए सभी वादों को चरणबद्ध तरीके से पूरा करेगी। उन्होंने दिल्ली के लोगों को शुभकामनाएं देते हुए कहा कि सरकार हर वर्ग को राहत देने के लिए प्रतिबद्ध है।

This slideshow requires JavaScript.

Leave a Reply

This slideshow requires JavaScript.