Tuesday, July 21

बदायूं में गंगा एक्सप्रेस-वे के नीचे लगे गलत दिशा सूचक बोर्ड, राहगीर हो रहे परेशान

बदायूं: गंगा एक्सप्रेस-वे के निर्माण के बीच सहसवान–बिसौली मार्ग पर लगे दिशा सूचक बोर्डों में गंभीर गड़बड़ी सामने आई है, जिससे राहगीरों को काफी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।

स्थानीय लोगों और यात्रियों के मुताबिक, बिसौली से सहसवान जाने वाले मार्ग पर पहला बोर्ड बाईं ओर बिसौली जाने का संकेत दे रहा है, जबकि वास्तविक दिशा में बिल्सी जाना चाहिए था। वहीं, सहसवान से बिसौली की ओर आने वाले बोर्ड पर दोनों दिशाओं में बिसौली लिखा है, जबकि दाईं ओर बिल्सी का संकेत होना चाहिए था।

इन गलत बोर्डों के कारण खासकर रात के समय बाहरी वाहन चालक भ्रमित हो जाते हैं और कई बार लंबा रास्ता तय करके वापस लौटने को मजबूर होते हैं। इससे उनका समय और ईंधन दोनों व्यर्थ हो रहे हैं।

स्थानीय लोग भी इस समस्या से परेशान हैं और रोजाना राहगीरों से मार्ग पूछने के दृश्य आम हो गए हैं। कई यात्री मोबाइल मैप का सहारा लेकर ही अपने गंतव्य तक पहुंच पा रहे हैं। लोग इस स्थिति पर व्यंग्य करते हुए कहते हैं, “ऐ-भाई, जरा देख कर चलो… आगे नहीं, पीछे भी नहीं, दाएं भी नहीं, बाएं भी नहीं!”

गंगा एक्सप्रेस-वे का कार्य अभी पूरी तरह समाप्त नहीं हुआ है और इसका औपचारिक उद्घाटन होना बाकी है, लेकिन निर्माणाधीन मार्ग के नीचे लगे इन बोर्डों की गलती जल्द सुधारी जाने की आवश्यकता है।

This slideshow requires JavaScript.

Leave a Reply

This slideshow requires JavaScript.