Tuesday, July 21

‘10 साल का बच्चा दुष्कर्म कर रहा’, तापसी पन्नू का दिल्ली केस से दिल दहला देने वाला बयान, दी बड़ी सलाह

जयपुर। बॉलीवुड एक्ट्रेस तापसी पन्नू ने अपनी अपकमिंग फिल्म ‘अस्सी’ के प्रमोशन के दौरान देश में बढ़ रहे यौन अपराधों और रेप मामलों पर गंभीर चिंता जताई। उन्होंने कहा कि देश में हर दिन करीब 80 रेप केस सामने आ रहे हैं और इन मामलों में कभी-कभी 10 साल के बच्चे भी गुनहगार बन जाते हैं।

तापसी ने मीडिया से बातचीत में कहा, “अगर 10 साल का बच्चा ही ऐसे अपराध कर रहा है, तो इसके पीछे समाज और पालन-पोषण में कहीं न कहीं गंभीर कमी है। हमें अपने घर से शुरुआत करनी होगी। बच्चों को सही दिशा और सही आइडियोलॉजी सिखाना होगी ताकि वे समाज में जिम्मेदार बनें।”

उन्होंने यह भी कहा कि रेप जैसी भयावह घटनाओं को लोग अब सामान्य खबरों की तरह लेने लगे हैं, जबकि यह गंभीर अपराध है। हाल ही में एक 6 साल की बच्ची के साथ रेप की घटना सामने आई, जिसमें 10 से 13 साल के बच्चे शामिल थे। इस पर तापसी ने कहा, “ऐसी घटनाएं हमें डबल झटका देती हैं। हमें सोचने की जरूरत है कि ये अपराध क्यों बढ़ रहे हैं और इन्हें रोकने के लिए हम क्या कर सकते हैं।”

फिल्म ‘अस्सी’ का सामाजिक संदेश
तापसी ने बताया कि उनकी फिल्म केवल मनोरंजन तक सीमित नहीं है। फिल्म में दर्शकों को जज की भूमिका निभानी होगी, यानी यह सोचने पर मजबूर करेगी कि समाज में ये अपराध क्यों हो रहे हैं और अपराधियों के लिए सही न्याय क्या होना चाहिए।

मनोज पाहवा ने फिल्म के कंटेंट पर बात करते हुए कहा, “अस्सी में थ्रिलर और कोर्टरूम ड्रामा का जबरदस्त मेल है। हर सीन किसी न किसी सवाल को उठाता है और दर्शकों को कहानी से जोड़े रखता है। यह फिल्म समाज के सामने आईना रखती है।”

रिलीज डेट और कास्ट
फिल्म 20 फरवरी 2026 को सिनेमाघरों में रिलीज होगी। इसमें तापसी पन्नू के अलावा कानी कुसृति, रेवती, कुमुद मिश्रा, जीशान अय्यूब, नसीरुद्दीन शाह, सुप्रिया पाठक और सीमा पाहवा अहम किरदारों में नजर आएंगे। फिल्म का निर्देशन अनुभव सिन्हा ने किया है, जिन्होंने पहले ‘मुल्क’, ‘थप्पड़’ और ‘आर्टिकल 15’ जैसी सामाजिक मुद्दों पर आधारित फिल्में बनाई हैं।

फिल्म ‘अस्सी’ समाज के सामने सवाल खड़े करने वाली, सोचने पर मजबूर करने वाली और न्याय पर विचार करने वाली कहानी प्रस्तुत करती है।

This slideshow requires JavaScript.

Leave a Reply

This slideshow requires JavaScript.