Tuesday, July 21

मच्छरों से परेशान? घर में लगाएँ ये 4 पौधे, प्राकृतिक तरीका से रहें दूर

नई दिल्ली। गर्मियों का मौसम नजदीक आते ही मच्छरों की समस्या बढ़ने लगती है। बार-बार की कॉइल्स, स्प्रे और लिक्विड महंगे पड़ सकते हैं। ऐसे में गार्डनिंग एक्सपर्ट संजय बिष्ट ने घर पर ही मच्छरों से बचने के लिए 4 पौधों का प्राकृतिक तरीका बताया है।

संजय के अनुसार, घर के बगीचे या बालकनी में कुछ सामान्य पौधे मच्छरों के लिए नेचुरल रिपेलेंट का काम करते हैं। इनमें गेंदे, लेमनग्रास, तुलसी और रोजमेरी शामिल हैं। ये पौधे सिर्फ घर की सुंदरता ही नहीं बढ़ाते, बल्कि मच्छरों को दूर रखने में भी मददगार हैं।

1. गेंदे का फूल
गेंदे में पायरथ्रेम नामक तत्व होता है, जिसकी तेज गंध मच्छरों को पसंद नहीं आती। घर के मेन गेट या खिड़कियों के पास गेंदे के फूल लगाकर मच्छरों को अंदर आने से रोका जा सकता है।

2. लेमनग्रास
लेमनग्रास में सिट्रोनेला ऑयल पाया जाता है, जो मच्छर भगाने वाली क्रीम और मोमबत्तियों में इस्तेमाल होता है। नींबू जैसी ताजी खुशबू इंसान को भाती है, लेकिन मच्छरों को भ्रमित करती है। पत्तियों को हल्का रगड़ने से खुशबू तेज होती है और मच्छर दूर रहते हैं।

3. तुलसी का पौधा
तुलसी में औषधीय गुण पाए जाते हैं जो मच्छरों के लार्वा को पनपने से रोकते हैं। तुलसी की महक मच्छरों को कड़वी लगती है। खिड़कियों के पास 2-3 तुलसी के पौधे लगाने से यह प्राकृतिक ढाल का काम करते हैं और वातावरण को भी शुद्ध करते हैं।

4. रोजमेरी का पौधा
रोजमेरी की लकड़ी जैसी खुशबू मच्छरों को पसंद नहीं आती। मच्छरों का आतंक बढ़ने पर इसकी टहनी को हल्का जलाकर धुआं करने से उन्हें तुरंत भगाया जा सकता है।

पौधों को लगाने की सही जगह
मच्छरों से बचने के लिए पौधों को मेन गेट, खिड़कियों के किनारे या बालकनी की रेलिंग पर लगाना सबसे असरदार होता है। हवा के रास्ते में खुशबू फैलती है और मच्छरों का प्रवेश रोका जा सकता है।

ध्यान देने योग्य बातें
गमलों में पानी का जमाव न होने दें। पानी जमा होने पर मच्छर अंडे दे सकते हैं। सप्ताह में एक बार मिट्टी की गुड़ाई और पौधों की सफाई करना जरूरी है।

संजय बिष्ट का यह प्राकृतिक तरीका न केवल मच्छरों से राहत देता है, बल्कि घर के वातावरण को भी ताजगी और खुशबू से भर देता है।

This slideshow requires JavaScript.

Leave a Reply

This slideshow requires JavaScript.