Tuesday, July 21

गया जंक्शन पर 45 दिनों का मेगा ब्लॉक: इंटरसिटी और गंगा दामोदर समेत कई ट्रेनों का बदला रूट

गया: गया जंक्शन पर प्लेटफॉर्म संख्या 2 और 3 के पुनर्निर्माण कार्य के लिए रेलवे ने 5 फरवरी से 21 मार्च तक 45 दिनों का मेगा ब्लॉक लागू कर दिया है। इस अवधि में दोनों प्लेटफॉर्म पूरी तरह बंद रहेंगे, जिससे दर्जनों ट्रेनों के परिचालन और रूट पर असर पड़ा है। रेल प्रशासन ने यात्रियों से यात्रा से पहले संशोधित समय-सारणी देखने की अपील की है।

रेलवे अधिकारियों के अनुसार बुनियादी ढांचे को मजबूत करने के लिए यह काम जरूरी है। निर्माण कार्य के दौरान यात्रियों को कम से कम असुविधा हो, इसके लिए विशेष निगरानी के निर्देश दिए गए हैं। गया-पटना सेक्शन की आठ प्रमुख ट्रेनों का संचालन जारी रहेगा, जबकि एक जोड़ी पटना-गया मेमू ट्रेन को अस्थायी रूप से रद्द कर दिया गया है।

बदले रूट से चलेंगी ये प्रमुख ट्रेनें

मेगा ब्लॉक के दौरान भभुआ–पटना इंटरसिटी, गंगा दामोदर एक्सप्रेस, बुद्ध पूर्णिमा एक्सप्रेस और हटिया–पूर्णिया कोर्ट एक्सप्रेस समेत कई ट्रेनें बदले रूट से चलेंगी।

  • बुद्ध पूर्णिमा एक्सप्रेस (14224): सासाराम–आरा–पटना मार्ग से

  • गंगा दामोदर एक्सप्रेस (13329/30): फतुहा–इस्लामपुर–तिलैया–बंधुआ होकर

  • हटिया–पूर्णिया कोर्ट एक्सप्रेस (18625/26): राजगीर–तिलैया–बंधुआ मार्ग से

  • भभुआ–पटना इंटरसिटी (13243/44): आरा–सासाराम होकर

  • गया–आनंद विहार साप्ताहिक एक्सप्रेस (22409/10): 7 फरवरी से 21 मार्च तक डीडीयू तक सीमित

  • गया–लखनऊ एकात्मता एक्सप्रेस (14259/60): निर्धारित अवधि में आंशिक परिचालन

चाकंद स्टेशन से चलेगी कुछ ट्रेनें

गया से पटना आने-जाने वाली कुछ ट्रेनों का संचालन अस्थायी रूप से चाकंद स्टेशन से किया जाएगा, जो गया जंक्शन से लगभग 10 किलोमीटर दूर है। यात्रियों के लिए सड़क मार्ग से चाकंद तक पहुंचने की व्यवस्था उपलब्ध रहेगी।

ये ट्रेनें रहेंगी रद्द

गया से 1:45 बजे पटना जाने वाली और पटना से 4:30 बजे गया लौटने वाली मेमू ट्रेन की एक जोड़ी 21 मार्च तक रद्द रहेगी। कोसी एक्सप्रेस सहित कुछ लंबी दूरी की ट्रेनों का भी रूट बदला गया है, जिससे सहरसा, मधेपुरा और पूर्णिया क्षेत्र के यात्रियों को अतिरिक्त इंतजार करना पड़ सकता है।

रेल प्रशासन ने कहा है कि स्टेशन पर अतिरिक्त कर्मियों की तैनाती की गई है और यात्रियों को प्लेटफॉर्म बदलाव तथा समय की जानकारी नियमित रूप से दी जाएगी। अधिकारियों ने यात्रियों से धैर्य रखने और यात्रा से पहले अपडेटेड जानकारी लेने की अपील की है।

This slideshow requires JavaScript.

Leave a Reply

This slideshow requires JavaScript.