Tuesday, July 21

नरेश मीणा ने ‘लेटर कांड’ पर बरसा, मुख्यमंत्री को याद दिलाया पिता से किया वादा

राजस्थान की राजनीति के ‘एंग्री यंग मैन’ माने जाने वाले नरेश मीणा एक बार फिर चर्चा में हैं। टोंक कोर्ट में पेशी के दौरान मीणा ने न केवल पुरानी यादें ताजा कीं, बल्कि भाजपा के भीतर चल रहे ‘लेटर कांड’ पर भी तीखी प्रतिक्रिया दी।

मोरपाल सुमन का खुला समर्थन
अंता से भाजपा प्रत्याशी रहे मोरपाल सुमन के वायरल पत्र ने सियासी गलियारों में हलचल मचा दी है। इस पर मीणा ने कहा, “मोरपाल ने बिल्कुल सच कहा कि उसे भाजपा के ही बड़े नेताओं ने हराया। लेकिन विडंबना देखिए, प्रदेशाध्यक्ष मदन राठौड़ ने गद्दारों को नहीं, बल्कि सच बोलने वाले मोरपाल को नोटिस दिया।”

समरावता कांड: पिता से किए वादे को निभाने की मांग
मीणा ने मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा को याद दिलाया कि जब वे जेल में थे और उनके समर्थक जयपुर कूच की तैयारी कर रहे थे, तब मुख्यमंत्री ने उनके पिता और समर्थकों को भरोसा दिया था कि मुकदमे वापस लिए जाएंगे। मीणा ने अपनी 12 सूत्रीय मांगें दोहराते हुए कहा कि सरकार को SDM थप्पड़ कांड में उनकी जमानत रद्द करने की अपील वापस लेनी चाहिए और निर्दोष ग्रामीणों पर लगे मुकदमे खत्म करने चाहिए।

सस्ती बजरी के लिए बड़ा आंदोलन
मीणा ने एलान किया कि वे जल्द ही सस्ती बजरी के लिए बड़ा आंदोलन करेंगे। उन्होंने आरोप लगाया कि बीसलपुर बांध में गाद निकालने के नाम पर बजरी का खेल चल रहा है। साथ ही, सवाईमाधोपुर में हुई महिला हत्या पर उन्होंने पुलिस को चेतावनी दी कि यदि जल्दी कार्रवाई नहीं हुई, तो वे खुद पीड़ित परिवार के साथ सड़क पर उतरेंगे।

This slideshow requires JavaScript.

Leave a Reply

This slideshow requires JavaScript.