Tuesday, July 21

पौड़ी गढ़वाल: जंगल में भालू के हमले में महिला गंभीर रूप से घायल, एम्स भेजने की तैयारी

पौड़ी गढ़वाल। विकास खंड पाबौ के जंगल में घास काटने गई महिला पर बुधवार को अचानक भालू ने हमला कर दिया। इस हमले में महिला गंभीर रूप से घायल हो गई है। प्राथमिक उपचार के बाद उन्हें उच्च चिकित्सीय संस्थान एम्स भेजने के लिए एयरलिफ्ट की तैयारी की जा रही है।

घटना ग्राम पंचायत खंडूली की निवासी ज्योति देवी के साथ हुई, जो अपने छह–सात सहेलियों के साथ ओडली गांव के पास जंगल में घास काटने गई थीं। अचानक भालू ने उन पर हमला कर दिया। सहेलियों के शोर मचाने पर भालू जंगल की ओर भाग गया, लेकिन तब तक ज्योति देवी गंभीर रूप से घायल हो चुकी थीं। ग्रामीणों ने उन्हें तुरंत सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पाबौ पहुंचाया। प्राथमिक उपचार के बाद महिला को हायर सेंटर रेफर कर दिया गया।

प्रभारी चिकित्सा अधिकारी पाबौ डॉ. पंकज सिंह ने बताया कि भालू के हमले में महिला के चेहरे, सिर और पैरों पर गंभीर चोटें आई हैं। उन्होंने कहा कि बेहतर इलाज के लिए उन्हें उच्च चिकित्सीय संस्थान भेजा जा रहा है।

घटना के बाद क्षेत्र में दहशत का माहौल है। ग्राम प्रधान खंडूली ठाकुर सिंह ने वन विभाग से प्रभावित परिवार को उचित मुआवजा देने और क्षेत्र को भालू के आतंक से मुक्त कराने की मांग की है। जिला पंचायत सदस्य भरत रावत ने कहा कि ज्योति देवी की हालत गंभीर है और उन्हें एयरलिफ्ट कर एम्स भेजा जाएगा। उन्होंने यह भी कहा कि घायल महिला का बेहतर उपचार सरकार की प्राथमिकता है।

गढ़वाल वन प्रभाग पौड़ी की एसडीओ आयशा बिष्ट ने बताया कि घटना के बाद क्षेत्र में गश्त के लिए वन विभाग की टीम तैनात कर दी गई है। प्रभावित क्षेत्र में जल्द ही पांच कैमरा ट्रैप लगाए जाएंगे। पीड़िता को मानकों के अनुसार मुआवजा भी दिया जाएगा।

This slideshow requires JavaScript.

Leave a Reply

This slideshow requires JavaScript.