Tuesday, July 21

हरिद्वार में पहली बार ट्रांसजेंडर बनीं स्वच्छता की ब्रांड एंबेसडर, 57 वर्षीय सोनिया बुआ को मिली जिम्मेदारी

हरिद्वार। उत्तराखंड की धर्मनगरी हरिद्वार में नगर निगम ने पहली बार किसी ट्रांसजेंडर को स्वच्छता का ब्रांड एंबेसडर नियुक्त किया है। 57 वर्षीय सोनिया बुआ को यह जिम्मेदारी सौंपी गई है। ब्रांड एंबेसडर बनने के बाद सोनिया बुआ ने कहा कि यह उनके लिए ही नहीं, पूरे किन्नर समाज के लिए गर्व का क्षण है।

सोनिया बुआ हरिद्वार के बहादराबाद की रहने वाली हैं। 20 साल की उम्र में वह शहर आ गई थीं। उन्होंने बताया कि शुरुआती जीवन में उन्हें समाज और परिवार से कई कठिनाइयों और उपेक्षाओं का सामना करना पड़ा। उन्होंने कहा, “आज नगर निगम ने मुझे स्वच्छता का ब्रांड एंबेसडर बनाकर जो सम्मान दिया है, उसके लिए मैं बेहद आभारी हूं। मैं अपने कर्तव्यों को पूरी ईमानदारी से निभाऊंगी।”

सोनिया बुआ ने आगे कहा कि वह जिन मांगलिक कार्यक्रमों में अपने साथियों के साथ जाएंगी, वहां वे स्वच्छता का संदेश फैलाएंगी और लोगों को जागरूक करेंगी।

नगर आयुक्त नंदन कुमार ने कहा कि सोनिया बुआ और उनके साथी सदस्य हर घर जाकर नागरिकों को स्वच्छता के प्रति जागरूक करेंगे। उन्होंने कहा, “स्वच्छता केवल सरकारी अभियान नहीं है, बल्कि यह हमारी गहरी सामाजिक जिम्मेदारी है। समाज के हर वर्ग को सम्मानजनक स्थान देकर ही वास्तविक परिवर्तन लाया जा सकता है।”

सोनिया बुआ की नियुक्ति न केवल किन्नर समाज के लिए प्रेरणादायक है, बल्कि हरिद्वार में सामाजिक समावेशन और स्वच्छता अभियान को मजबूती देने वाला कदम भी साबित होगी।

This slideshow requires JavaScript.

Leave a Reply

This slideshow requires JavaScript.