Tuesday, July 21

ग्रेटर नोएडा वेस्ट: गौड़ चौक और तिगरी के बीच दो यूटर्न का काम शुरू, सर्विस रोड का होगा चौड़ीकरण

ग्रेटर नोएडा वेस्ट में गौड़ चौक और तिगरी के बीच ट्रैफिक जाम को कम करने के लिए बड़ा कदम उठाया गया है। 60 मीटर चौड़ी इस रोड पर दो यूटर्न बनाने का काम शुरू कर दिया गया है। इसके साथ ही दोनों तरफ के सर्विस रोड को भी चौड़ा किया जाएगा। ग्रेटर नोएडा अथॉरिटी के अनुसार यह परियोजना अगस्त तक पूरी कर ली जाएगी।

इस परियोजना का सीधा लाभ आसपास की 20 से अधिक सोसायटियों में रहने वाले डेढ़ लाख लोगों को मिलेगा। नोएडा इंटरनैशनल एयरपोर्ट शुरू होने के बाद इस रोड पर यातायात का दबाव और बढ़ने की संभावना है। सुबह और शाम के समय यह मार्ग अक्सर जाम की समस्या झेलता रहा है।

यूटर्न और सर्विस रोड का महत्व
खजूर चौक के पास तिगरी गोलचक्कर से पहले बनने वाले यूटर्न से गौड़ सिटी-टू की तरफ आने-जाने में आसानी होगी। वर्तमान में वाहन चालकों को तिगरी गोलचक्कर से चक्कर लगाना पड़ता है। यूटर्न निर्माण से ट्रैफिक जाम की समस्या कम होगी और राष्ट्रीय राजमार्ग-24 गाजियाबाद की ओर जाना भी आसान होगा।

ग्रेटर नोएडा अथॉरिटी ने इस यूटर्न निर्माण पर 3 करोड़ रुपये और 60 मीटर रोड के सर्विस मार्ग को चौड़ा करने में करीब 5 करोड़ रुपये खर्च करने की जानकारी दी है।

ग्रेनो अथॉरिटी के एसीईओ सुमित यादव ने बताया कि यूटर्न और सर्विस रोड चौड़ीकरण के साथ-साथ गौड़ चौक पर अंडरपास का काम भी तेज कर दिया गया है, जिसे तय समय से पहले पूरा करने का लक्ष्य रखा गया है। इस परियोजना से ग्रेटर नोएडा वेस्ट में रहने वाले नागरिकों को ट्रैफिक में राहत मिलने की उम्मीद जताई जा रही है।

This slideshow requires JavaScript.

Leave a Reply

This slideshow requires JavaScript.