Tuesday, July 21

टोल बचाने के झांसे में लूटे गए नई पिकअप, आरोपी जंगल में ले जाकर काट डाले वाहन के पार्ट्स

बड़वानी: मध्यप्रदेश के बड़वानी जिले में लिफ्ट के नाम पर वाहन लूट की सनसनीखेज वारदात का पुलिस ने पर्दाफाश किया है। वरला थाना पुलिस ने तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों ने नासिक से सेंधवा तक जाने के लिए लिफ्ट ली और टोल बचाने का झांसा देकर चालक को जंगल में ले जाकर पीटा। इसके बाद उन्होंने चालक की नई पिकअप लूटकर उसके पुर्जे अलग कर दिए।

200 रुपए में दी लिफ्ट
पीड़ित उदलसिंह चौधरी (37) निवासी मवई, जिला जालौन (उत्तर प्रदेश) ने 2 फरवरी को शिकायत दर्ज कराई। उन्होंने बताया कि 31 जनवरी को वे मुंबई के कांदिवली नयागांव से नई पिकअप वाहन लेकर बनारस जा रहे थे। नासिक के पास उन्होंने तीन अज्ञात युवकों को 200 रुपए प्रति व्यक्ति किराए पर लिफ्ट दी।

टोल बचाने का झांसा देकर घुमाई गाड़ी
आरोपियों ने टोल टैक्स बचाने के बहाने वाहन को पलासनेर होते हुए वैकल्पिक रास्तों से सोलवन–मालवन मार्ग की ओर मोड़ दिया। सोलवन के इमली घाटी पुलिया के पास आरोपियों ने अपने एक अन्य साथी को बुलाया। सभी ने मिलकर उदलसिंह के साथ मारपीट की और पिकअप व मोबाइल लूटकर फरार हो गए।

जंगल में मिली क्षतिग्रस्त पिकअप
पुलिस ने विशेष टीम गठित कर जांच की। बड़वानी–सेंधवा साइबर सेल की मदद से तकनीकी साक्ष्य जुटाए गए। इसके बाद लूटी गई पिकअप ग्राम वाक्या के जंगल क्षेत्र में एक पहाड़ी पर क्षतिग्रस्त हालत में बरामद हुई। वाहन से टायर, स्टीयरिंग व्हील, बैटरी और हेडलाइट सहित कई पार्ट्स गायब पाए गए।

मुखबिर सूचना से मिली सफलता
मुखबिर सूचना पर पुलिस ने मोहाला गांव निवासी सागर मोरे को हिरासत में लिया। पूछताछ में उसने अपने साथियों—खजान, सुनील, निहाल और रवींद्र—के नाम बताए। इसके बाद सागर, खजान और सुनील को गिरफ्तार कर उनके कब्जे से वाहन के अलग-अलग पार्ट्स, मोबाइल फोन और वारदात में प्रयुक्त एक अन्य पिकअप जब्त किया गया।

प्लान था गाड़ी के पार्ट्स का इस्तेमाल
पुलिस के अनुसार, सागर के पास पहले से इसी तरह का वाहन था और वह लूटी गई गाड़ी के पार्ट्स अपने वाहन में लगाने की योजना बना रहा था। आरोपी इंजन भी निकालना चाहते थे, लेकिन इसमें सफल नहीं हो पाए। सभी आरोपी (उम्र 20–21 वर्ष) मोहाला गांव, सेंधवा ग्रामीण थाना क्षेत्र के निवासी हैं। पुलिस फरार आरोपियों निहाल और रवींद्र की तलाश में जुटी हुई है।

This slideshow requires JavaScript.

Leave a Reply

This slideshow requires JavaScript.