Tuesday, July 21

कोरियन हो या इंग्लिश, हर YouTube वीडियो अब देखें अपनी भाषा में – 27 भाषाओं में ऑटो डबिंग फीचर सभी के लिए उपलब्ध

यूट्यूब ने घोषणा की है कि उसका ऑटो डबिंग फीचर अब सभी उपयोगकर्ताओं के लिए उपलब्ध है। भारत में अब दर्शक कोरियन, अंग्रेजी और अन्य भाषाओं के वीडियो अपनी पसंदीदा भाषा में देख सकेंगे। यह फीचर कुल 27 भाषाओं में वीडियो को डब करने का विकल्प देता है, जिसमें हिंदी भी शामिल है।

यूट्यूब की प्रोडक्ट मैनेजर चंद्रलेखा मोताती ने बताया कि ऑटो डबिंग का मकसद केवल शब्दों का अनुवाद नहीं, बल्कि वीडियो की भावनाओं और क्रिएटर की एक्सप्रेशन को भी बरकरार रखना है। इसके लिए कंपनी ने नया फीचर Expressive Speech लॉन्च किया है, जो फिलहाल हिंदी समेत 8 भाषाओं में उपलब्ध है। इसका मतलब है कि यदि कोई क्रिएटर उत्साह या भावनाओं के साथ बोल रहा है, तो डब की गई आवाज़ में भी वह ऊर्जा और भावनात्मक उतार-चढ़ाव महसूस होंगे।

स्मार्ट फिल्टर से वीडियो की गुणवत्ता बरकरार
यूट्यूब का स्मार्ट फिल्टर खुद पहचान लेगा कि कौन से वीडियो को डब नहीं किया जाना चाहिए, जैसे म्यूजिक वीडियो या साइलेंट व्लॉग। कंपनी का कहना है कि ऑटो डबिंग से वीडियो की रीच पर कोई नकारात्मक असर नहीं पड़ेगा, बल्कि दूसरी भाषाओं में नए दर्शक जुड़ने की संभावना बढ़ेगी। क्रिएटर चाहें तो अपने डब अपलोड कर सकते हैं या इस फीचर को बंद भी कर सकते हैं।

दर्शकों के लिए पूरा नियंत्रण
नए अपडेट में दर्शकों को भी पूरा कंट्रोल मिलेगा। अब वे अपनी पसंदीदा भाषा चुन सकते हैं या वीडियो को मूल भाषा में देख सकते हैं। यूट्यूब किसी को भी जबरन डब्ड वर्ज़न नहीं दिखाएगा। इसके अलावा, कंपनी लिप सिंक टेक्नोलॉजी पर भी काम कर रही है, जिससे वीडियो में बोलने वाले व्यक्ति के होंठ डब की गई भाषा के साथ मेल खाएंगे और वीडियो और अधिक नेचुरल लगेगा।

यूट्यूब का यह कदम दर्शकों और क्रिएटर्स दोनों के लिए गेमचेंजर साबित हो सकता है, क्योंकि अब भाषा की बाधा वीडियो देखने के अनुभव में बाधक नहीं बनेगी।

This slideshow requires JavaScript.

Leave a Reply

This slideshow requires JavaScript.